रामपुर आईटीआई में एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला, वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की अपील
कोरबा।सड़क सुरक्षा और सुरक्षित यातायात को लेकर युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र (आईटीआई), रामपुर कोरबा में एक दिवसीय सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम के तहत कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में आईटीआई के प्रशिक्षणार्थियों को यातायात नियमों के पालन, सड़क पर बरती जाने वाली सावधानियों, सुरक्षित वाहन संचालन और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार व्यवहार की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने युवाओं को समझाया कि यातायात नियम केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं।
नियमों का पालन कर सुरक्षित सफर का संदेश
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षणार्थियों से वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करने, यातायात संकेतों एवं नियमों का सम्मान करने तथा सड़क पर किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने की अपील की गई। युवाओं से कहा गया कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं प्रशिक्षणार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।
युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण
कार्यक्रम में अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए यातायात नियमों का पालन बेहद जरूरी है। विशेषकर युवा वर्ग यदि वाहन चलाते समय अनुशासन और सावधानी बरते तो दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। प्रशिक्षणार्थियों को सुरक्षित यातायात के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
कार्यशाला में आरटीओ अतुल असैया, सतानंद जांगड़े, प्रदीप सिंह एवं तेज सिंह सहित मोटर ड्राइविंग स्कूल के संचालक तथा शासकीय आईटीआई के प्रशिक्षण अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















