कोरबा। कोरबा जिला बैडमिंटन संघ की मेजबानी में आयोजित योनेक्स सनराइज जीएच रायसोनी मेमोरियल 25वीं छत्तीसगढ़ राज्य जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप- 2026 का रविवार को समापन हुआ। एकलव्य स्पोर्ट्स एरीना खेल परिसर में बालक एवं बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले खेले गए। प्रदेशभर से पहुंचे खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मिक्स्ड डबल्स में गर्वित कंसल और भव्या सिंह की जोड़ी ने खिताब अपने नाम किया।
समापन समारोह में जीएच रायसोनी विश्वविद्यालय के डीन मनोहर गोलैट मुख्य अतिथि तथा छत्तीसगढ़ बैडमिंटन संघ की संयुक्त सचिव कविता दीक्षित विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल से शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक दृढ़ता, अनुशासन और संघर्ष करने की भावना भी विकसित होती है।
फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
मिक्स्ड डबल्स के फाइनल में गर्वित कंसल और भव्या सिंह की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया। आर्यन सिंह और गौरी एस. अय्यर की जोड़ी उपविजेता रही।
बालिका एकल वर्ग में इशिका पोद्दार ने खिताब जीता, जबकि रेवाराजे वर्मा उपविजेता रहीं। वहीं, बालक एकल वर्ग में चित्राक्ष लोकवानी ने विजेता का खिताब अपने नाम किया और अक्षय दत्त मिश्रा उपविजेता रहे।
खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने पर जोर
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि बैडमिंटन जैसे खेल खिलाड़ियों में एकाग्रता, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता और मानसिक मजबूती विकसित करते हैं। ऐसी प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं।
कार्यक्रम में जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्षअशोक अग्रवाल, अशोक शर्मा, गोपाल शर्मा, महेश गुप्ता, सुधीर रेगे, स्वाति रेगे, एकलव्य स्पोर्ट्स एरीना के अध्यक्ष डॉ. संजय अग्रवाल, भूषण, सोनल फेलिक्स, जगदेव सिंह, कल्पना फेलिक्स, संजय शाह, सूर्यकांत ठाकुर, देव कुमार पैंकरा, नरसिंह भोई, अवधेश सिंह और गौतम साहू सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में जिला बैडमिंटन संघ के सचिव मनीष गुप्ता ने आभार व्यक्त किया। मंच संचालन अमित बनर्जी ने किया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















