अवैध शराब की बिक्री हर हाल में बंद कराएं : कलेक्टर

जनदर्शन में कई समस्याएं लेकर पहुंचे लोग

कोरबा।कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले के दूरस्थ वनांचलों सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान अवैध शराब की बिक्री बंद कराने, वन अधिकार पट्टों की जांच, लंबित वेतन भुगतान, प्रधानमंत्री आवास योजना की किश्त जारी करने और राशन वितरण में अनियमितता जैसी समस्याएं सामने आईं। जनदर्शन में विभिन्न मांगों और शिकायतों से संबंधित कुल 114 आवेदन प्राप्त हुए।

कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान में लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

आवास, राशन और मुआवजे से जुड़ी शिकायतें

जनदर्शन में नागरिकों ने प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित किश्तों के भुगतान, पात्रता की जांच, राशन वितरण में अनियमितता, पशु शेड निर्माण, अतिक्रमण और सड़क मरम्मत से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। इसके अलावा राहत राशि, भूमि अधिग्रहण के मुआवजे, लंबित वेतन, वन अधिकार पट्टों की जांच और आजीविका से जुड़ी मांगें भी रखी गईं।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन की गंभीरता से जांच की जाए और पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने को कहा।

समय-सीमा में निराकरण पर जोर

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि जनदर्शन का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना है। इसलिए अधिकारी संवेदनशीलता के साथ आवेदनों पर कार्रवाई करें और आवेदकों को अनावश्यक परेशानी न हो, इसका ध्यान रखें।

जनदर्शन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।