एसीबी पावर प्लांट में वारदात, सिंघानिया एनर्जी और विलेचिंग प्लांट से भी लोहा-कॉपर केबल व अन्य सामान पार
कोरबा।जिले में औद्योगिक प्रतिष्ठानों और निर्माणाधीन परियोजनाओं में रखे कीमती सामानों पर चोरों की नजर है। लोहा, एल्युमिनियम और तांबे के सामानों की चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
ताजा मामलों में चाकाबुड़ा स्थित एसीबी पावर प्लांट के पंप हाउस में करीब 15 अज्ञात लोगों ने घुसकर सुरक्षा गार्ड और ऑपरेटर को धमकाया, उनके मोबाइल छीनकर उन्हें कमरे में बंद कर दियाऔर पैनल रूम का ताला तोड़कर एल्युमिनियम केबल चोरी कर ली। इसके अलावा सिंघानिया एनर्जी एंड पावर लिमिटेड तथा उरगा स्थित विलेचिंग प्लांट में भी चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
एसीबी के पंप हाउस में घुसे 15 लोग, कर्मियों को कमरे में किया बंद
बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के चाकाबुड़ा स्थित एसीबी पावर प्लांट के सुरक्षा अधिकारी धनराज ने पुलिस को बताया कि 10 और 11 अक्टूबर की दरम्यानी रात करीब एक बजे लगभग 15 अज्ञात लोग पुरेना स्थित पंप हाउस की बाउंड्रीवाल के भीतर घुस आए। यह पंप हाउस वर्तमान में संचालित नहीं है। वहां तैनात सुरक्षा गार्ड शिव कुमार और ऑपरेटर शिव सिंह को आरोपियों ने धमकाया, उनके मोबाइल फोन छीन लिए और उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया।
इसके बाद आरोपियों ने पैनल रूम का ताला तोड़कर एल्युमिनियम की केबल थिम्बल सहित निकाल ली। वारदात के बाद दोनों कर्मचारियों को कमरे से बाहर निकालकर उनके मोबाइल वापस कर दिए, लेकिन धमकाते हुए वहां से चले गए। कर्मचारियों ने इसकी सूचना 270 मेगावाट पावर प्लांट के कंट्रोल रूम को दी, जिसके बाद पेट्रोलिंग पार्टी मौके पर पहुंची।
रिपोर्ट के अनुसार, चोरी और नुकसान से करीब छह हजार रुपये की क्षति हुई है। कुछ केबल आरोपी अपने साथ ले गए, जबकि कुछ मौके पर ही छोड़ गए। बांकीमोंगरा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(2) और 331(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिंघानिया एनर्जी की साइट से पांच लोहे के पाइप चोरी
उरगा थाना क्षेत्र के कुकरीचोली स्थित सिंघानिया एनर्जी एंड पावर लिमिटेड की साइट से भी लोहे के सामान चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई है। कंपनी के मैनेजर मनीष पांडेय के अनुसार, साइट पर काम करने वाले फिटर रमेश कुमार ने फोन पर सूचना दी कि खुले स्थान पर रखे पांच लोहे के पाइप चोरी हो गए हैं।
साइट पर तलाश करने के बाद भी सामान नहीं मिला, जिसके बाद मैनेजर ने पुलिस को सूचना देकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विलेचिंग प्लांट से 60 हजार का सामान पार
उरगा स्थित पार्वती राइस मिल एवं विलेचिंग प्लांट में भी चोरी की घटना सामने आई है। प्लांट के सुपरवाइजर अंजनी कुमार तिवारी ने पुलिस को बताया कि 5 अक्टूबर की रात करीब दो बजे प्लांट की बाउंड्री के पास खुले स्थान से मशीन में लगा केबल और खाली ड्रम चोरी कर लिए गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है।
औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा पर सवाल
जिले के अलग-अलग औद्योगिक प्रतिष्ठानों से केबल, लोहे के पाइप और अन्य उपयोगी सामान चोरी होने की घटनाएं सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ी है।
एसीबी पावर प्लांट के पंप हाउस में कर्मचारियों को कथित रूप से बंधक बनाकर चोरी किए जाने का मामला विशेष रूप से गंभीर है। पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान करने और चोरी गए सामान की बरामदगी की चुनौती है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















