रक्षाबंधन कल, मौसम खुलते ही बाजार में लौटी रौनक

राखी की दुकानों पर बढ़ी ग्राहकों की भीड़, कारोबारियों को अच्छे व्यापार की उम्मीद

कोरबा।भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का पर्व रक्षाबंधन 28 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर आस्था और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। त्योहार को लेकर कोरबा के बाजारों में चहल-पहल बढ़ने लगी है। पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद बुधवार सुबह मौसम खुलने से बाजारों में रौनक लौट आई और राखी की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई।

रक्षाबंधन को लेकर शहर के ट्रांसपोर्ट नगर से लेकर महाराणा प्रताप प्रतिमा के आसपास, महानदी कॉम्प्लेक्स सहित विभिन्न क्षेत्रों में राखी की अस्थायी दुकानें सज गई हैं। दुकानों पर पारंपरिक राखियों के साथ-साथ आकर्षक डिजाइन, रंग-बिरंगी राखियां और बच्चों की पसंद को ध्यान में रखते हुए कार्टून एवं विभिन्न थीम वाली राखियों की कई वैरायटी उपलब्ध हैं।

मौसम खुला तो बढ़ी बाजार की रौनक
पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश के कारण बाजारों में अपेक्षाकृत कम आवाजाही थी। बुधवार को बारिश थमने और मौसम खुलने के बाद लोग घरों से खरीदारी के लिए निकले। राखी की दुकानों के अलावा मिठाई, कपड़े, गिफ्ट और पूजा सामग्री की दुकानों में भी ग्राहकों की आवाजाही बढ़ती नजर आई।

कारोबारियों ने इस बार ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए राखियों की नई और आकर्षक वैरायटी मंगाई है।

अलग-अलग डिजाइन और कीमतों में राखियां उपलब्ध होने से बहनों को अपनी पसंद के अनुसार राखी चुनने का विकल्प मिल रहा है।

कारोबारियों को अच्छे व्यापार की उम्मीद
रक्षाबंधन नजदीक आने के साथ बाजार में खरीदारी का सिलसिला और तेज होने की उम्मीद है। राखी विक्रेताओं का कहना है कि मौसम खुलने से उन्हें काफी राहत मिली है और आने वाले दिनों में ग्राहकों की संख्या और बढ़ सकती है।

कारोबारियों को रक्षाबंधन पर बेहतर कारोबार की उम्मीद है।

रक्षाबंधन के अवसर पर बहनें अपने भाइयों की कलाई पर प्रेम और विश्वास की डोर बांधती हैं। इसके साथ ही मिठाई, उपहार और नए कपड़ों की खरीदारी भी पर्व का हिस्सा होती है। त्योहार की तैयारियों के चलते शहर के बाजारों में अब त्योहारी माहौल साफ नजर आने लगा है।

मुहूर्त को लेकर इस बार ज्यादा असमंजस नहीं
इस बार रक्षाबंधन के पर्व को लेकर राखी बांधने के मुहूर्त को लेकर विशेष असमंजस की स्थिति नहीं होने से लोगों में भी उत्साह है। त्योहार से एक दिन पहले बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए कारोबारियों को उम्मीद है कि मौसम ने साथ दिया तो रक्षाबंधन तक बाजार में अच्छी बिक्री देखने को मिलेगी।