रक्षाबंधन पर यात्रियों को बड़ी राहत: दुर्ग-रायगढ़ के बीच 27 अगस्त से चलेगी स्पेशल पैसेंजर ट्रेन

त्योहारी भीड़ को देखते हुए रेलवे का फैसला, 27 से 29 अगस्त तक तीन दिन होगा संचालन

रायपुर।रक्षाबंधन के त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। यात्रियों की बढ़ती भीड़ और नियमित ट्रेनों में दबाव को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर मंडल ने दुर्ग और रायगढ़ के बीच रक्षाबंधन पैसेंजर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन 27 से 29 अगस्त 2026 तक तीन दिनों के लिए संचालित होगी।

त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में यात्रियों के आवागमन को देखते हुए रेलवे की इस पहल से दुर्ग, भिलाई, रायपुर, तिल्दा-नेवरा, भाटापारा, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, चांपा, सक्ती, खरसिया और रायगढ़ सहित मार्ग के विभिन्न स्टेशनों के यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा सुविधा मिलने की उम्मीद है।

10 कोच की होगी स्पेशल ट्रेन

रेलवे के अनुसार विशेष यात्री ट्रेन में कुल 10 आईसीएफ कोच लगाए जाएंगे। इनमें 8 सामान्य श्रेणी के कोच और 2 एसएलआरडी कोच शामिल होंगे। सामान्य यात्रियों को इससे त्योहार के दौरान नियमित ट्रेनों के अलावा अतिरिक्त विकल्प मिल सकेगा।

सुबह 10:30 बजे दुर्ग से रवाना होगी ट्रेन

गाड़ी संख्या 08834 दुर्ग-रायगढ़ पैसेंजर स्पेशल सुबह 10:30 बजे दुर्ग से रवाना होगी और करीब शाम 7 बजे रायगढ़ पहुंचेगी।

ट्रेन दुर्ग से रवाना होकर भिलाई नगर, भिलाई पावर हाउस, भिलाई, देवबलोदा चरोदा, कुम्हारी, सरोना, सरस्वती नगर और रायपुर सहित विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए आगे बढ़ेगी।

रायपुर स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने का निर्धारित समय 11:25 बजे है। इसके बाद ट्रेन डब्ल्यूआरएस, उरकुरा, मांढर, सिलियारी, बैकुंठ और तिल्दा-नेवरा होते हुए भाटापारा पहुंचेगी।

इसके बाद निपानिया, दागोरी, बिल्हा, चक्करभाटा, दाधापारा और बिलासपुर होते हुए ट्रेन आगे जाएगी। बिलासपुर में इसका निर्धारित आगमन समय 14:45 बजे रहेगा।

बिलासपुर के बाद ट्रेन गतौरा, जयरामनगर, अकलतरा, जांजगीर-नैला, चांपा, सारागांव-देवरी, सक्ती, जारडीह, खरसिया, रॉबर्टसन, भूपदेवपुर और किरोड़ीमल नगर होते हुए करीब 19:00 बजे रायगढ़ पहुंचेगी।

त्योहारी यात्रा में मिलेगी अतिरिक्त सुविधा

रक्षाबंधन के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार और रिश्तेदारों से मिलने के लिए आवागमन करते हैं। ऐसे में नियमित ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने से सीट और सामान्य कोचों में काफी दबाव रहता है। रेलवे द्वारा चलाई जा रही यह स्पेशल ट्रेन यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प उपलब्ध कराएगी।

रेलवे की इस व्यवस्था से खासकर दुर्ग से रायगढ़ के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को त्योहार के दौरान राहत मिलने की उम्मीद है।