दो वारदातों में तीन आरोपी गिरफ्तार, फिर तीसरी बार उखाड़ ले गए एल्युमिनियम फ्रेम; अब पुलिस के सामने नई चुनौती
कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र स्थित मिनीमाता कन्या महाविद्यालय इन दिनों चोरों के निशाने पर है। कॉलेज परिसर में महज 10 दिनों के भीतर चोरी की तीसरी वारदात सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लगातार हो रही चोरियों में अज्ञात बदमाश कॉलेज भवन की खिड़कियों में लगे एल्युमिनियम फ्रेम को निशाना बना रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, तीनों घटनाओं में चोरों ने अलग- अलग तरीके से कॉलेज परिसर में प्रवेश किया और खिड़कियों के एल्युमिनियम फ्रेम पार कर दिए।
15 से 17 अगस्त: पहली चोरी
अपराध क्रमांक 0685/2026 के अनुसार 15 अगस्त की शाम करीब 4.30 बजे से 17 अगस्त की सुबह 10.30 बजे के बीच अज्ञात चोर कॉलेज की दीवार फांदकर परिसर में दाखिल हुए। इसके बाद नए भवन के कक्ष क्रमांक-5 से तीन पुरानी एल्युमिनियम खिड़कियां चोरी कर ली गईं। मामले में के. बंगारैया की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज किया गया।
18-19 अगस्त: दूसरी वारदात में दीवार तक तोड़ी
इसके ठीक बाद 18 अगस्त की शाम से 19 अगस्त की सुबह के बीच चोरों ने एक बार फिर कॉलेज को निशाना बनाया। इस बार बदमाशों ने नए भवन के कक्ष क्रमांक-6 की दीवार तोड़कर प्रवेश किया और तीन एल्युमिनियम खिड़कियां चोरी कर लीं। मामले में गजपाल सिंह की शिकायत पर अपराध क्रमांक 0687/2026 दर्ज किया गया।
22-23 अगस्त की रात फिर चोरी
लगातार दो घटनाओं के बाद भी चोरों के हौसले कम नहीं हुए। 22 और 23 अगस्त की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने कॉलेज परिसर में घुसकर तीन खिड़कियों में लगे एल्युमिनियम फ्रेम चोरी कर लिए। चोरी गए फ्रेम की कीमत करीब 21 हजार रुपये बताई गई है। मामले में लक्ष्मीदास की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 0699/2026 दर्ज किया गया है।
दो मामलों में तीन आरोपी गिरफ्तार
इधर, पहली और दूसरी चोरी के मामलों में मानिकपुर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी परमेश्वर राठौर के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सागर कश्यप (22), आकाश उरांव उर्फ टब्बरी (21) और ईश्वर बंजारे (21) को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया एल्युमिनियम फ्रेम और वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का सब्बल बरामद किया है। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
तीसरी चोरी ने बढ़ाई पुलिस की चुनौती
दो वारदातों में आरोपियों की गिरफ्तारी के बावजूद कॉलेज में तीसरी चोरी होना कई सवाल खड़े कर रहा है। आखिर तीसरी वारदात को किसने अंजाम दिया? क्या कॉलेज परिसर की सुरक्षा व्यवस्था में कोई बड़ी कमी है? या फिर गिरफ्तार आरोपियों के अलावा कोई अन्य गिरोह भी सक्रिय है?
लगातार हो रही चोरियों ने कॉलेज प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस के सामने अब अपराध क्रमांक 0699/2026 में शामिल आरोपियों तक पहुंचना और तीसरी चोरी का खुलासा करना चुनौती बना हुआ है।
तीनों मामलों में बीएनएस की धारा 305(ए) और 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















