ईद मिलादुन्नबी पर कोरबा में गूंजा जुलूस-ए-मोहम्मदी का संदेश, उमड़ा अकीदतमंदों का सैलाब

सैयद सलमान अशरफ अशरफी की सरपरस्ती में निकला भव्य जुलूस; जगह-जगह हुआ स्वागत, मदीना मस्जिद में मुए मुबारक की कराई गई जियारत

कोरबा।पैगंबर हजरत मोहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) के 1501वें जश्ने विलादत के मुबारक अवसर पर बुधवार को कोरबा में ईद मिलादुन्नबी का पर्व श्रद्धा, उल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। मरकजी सीरत कमेटी कोरबा के तत्वावधान में निकाले गए विशाल जुलूस-ए- मोहम्मदी में शहर के विभिन्न हिस्सों से हजारों की संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। जुलूस के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सद्भाव और भाईचारे का संदेश भी दिखाई दिया।

किछौछा शरीफ से पधारे मुख्य अतिथि सैयद सलमान अशरफ अशरफी की सरपरस्ती तथा मौलाना एहसानुल कादरी की मौजूदगी में सुबह करीब 9 बजे शाही नूरी मस्जिद में परचम कुशाई के साथ जुलूस का आगाज हुआ। इसके बाद जुलूस निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ा और विभिन्न मस्जिदों एवं प्रमुख चौक-चौराहों से होकर गुजरा।

शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा जुलूस
जुलूस शाही नूरी मस्जिद से प्रारंभ होकर निहारिका सुभाष चौक, एसईसीएल कॉलोनी मस्जिद, मुड़ापार मस्जिद, ट्रांसपोर्ट नगर मस्जिद और पावर हाउस रोड होते हुए जामा मस्जिद पहुंचा। इसके बाद शहर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए जुलूस मदीना मस्जिद पहुंचकर संपन्न हुआ।

मदीना मस्जिद में परचम कुशाई के बाद मुए मुबारक यानी हजरत मोहम्मद साहब के बाल मुबारक की जियारत अकीदतमंदों को कराई गई। जियारत के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। इसके बाद सलातो-सलाम के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

जगह-जगह स्वागत, शरबत और लंगर का इंतजाम
जुलूस के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर अकीदतमंदों के लिए पानी, शरबत, हलवा और लंगर की व्यवस्था की गई थी।

जगह-जगह जुलूस का स्वागत किया गया। आयोजन के दौरान लोगों ने आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।

जुलूस की व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए 100 से अधिक वॉलंटियर्स तैनात रहे। हजारों की संख्या में शामिल अकीदतमंदों ने अनुशासन के साथ जुलूस में भाग लिया, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

पुलिस-प्रशासन की व्यवस्था की सराहना
कार्यक्रम के शांतिपूर्ण और व्यवस्थित आयोजन के लिए मरकजी सीरत कमेटी के सदर मिर्जा आसिफ और सचिव मोहसिन मेमन ने पुलिस-प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कोरबा सीएसपी, टीआई डडसेना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पटले सहित पुलिस टीम द्वारा की गई सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की सराहना की।

हजारों अकीदतमंदों ने की शिरकत
जुलूस में मो. आरिफ खान, मो. रफीक मेमन, नौशाद खान, बरकत खान, महबूब खान, अहसान खान, जुबैर अंसारी, हाजी इमरान अंसारी, अमीन पारेख, रऊफ मेमन, रुहुल खान सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग और अकीदतमंद शामिल हुए।

ईद मिलादुन्नबी के मौके पर निकला यह भव्य जुलूस धार्मिक आस्था के साथ शांति, प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश देता नजर आया। पूरे आयोजन में लोगों ने उत्साह और अनुशासन के साथ भागीदारी निभाई।