मलबे के नीचे फंसा मवेशी, लोगों ने मिलकर उठाई कार; गौ सेवा समिति ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
कोरबा। कोरबा में लगातार हो रही बारिश अब आफत बनती जा रही है। अनवरत बारिश के बीच पुरानी बस्ती में एक जर्जर भवन का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। भवन का मलबा पास खड़ी कार के ऊपर जा गिरा, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि हादसे के समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी दौरान एक मवेशी कार के नीचे फंस गया। मवेशी को फंसा देखकर स्थानीय लोगों ने बिना देर किए मोर्चा संभाला। कई लोगों ने मिलकर कार को उठाया और उसके नीचे फंसे मवेशी को बाहर निकाला। बाद में गौ सेवा समिति के सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर मवेशी का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
बारिश से बढ़ी परेशानी, जर्जर भवन बने खतरा
लगातार बारिश के कारण कोरबा में जनजीवन प्रभावित हो रहा है। कई इलाकों में घरों की दीवारें कमजोर होने के साथ ही पुराने और जर्जर भवनों से खतरा बढ़ गया है। पुरानी बस्ती की यह घटना भी इसी खतरे की ओर इशारा करती है।
समय रहते जर्जर भवनों की पहचान और आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
बारिश के कारण लोगों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। कहीं मकानों को नुकसान पहुंच रहा है तो कहीं वाहन और अन्य सामान जर्जर भवनों, गिरती दीवारों और पेड़ों की चपेट में आ रहे हैं। महंगाई के दौर में बारिश से होने वाला यह अतिरिक्त नुकसान आम लोगों की परेशानी और बढ़ा रहा है।
प्रशासन से जर्जर भवनों के सर्वे की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और नगर निगम से शहर के पुराने एवं जर्जर भवनों का तत्काल सर्वे कराने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान खतरनाक भवनों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने और जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित कराने की कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी तरह की जनहानि न हो।
पुरानी बस्ती में हुई घटना में लोगों की तत्परता से एक मवेशी की जान बच गई, लेकिन इस हादसे ने शहर में मौजूद जर्जर भवनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















