साइबर जागृति अभियान के तहत दर्री पुलिस ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को किया जागरूक, सतर्कता को बताया साइबर ठगी से बचाव का सबसे बड़ा हथियार
कोरबा। बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के प्रति विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को जागरूक करने के उद्देश्य से केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 एनटीपीसी कोरबा में साइबर जागृति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। दर्री थाना से पहुंची पुलिस टीम ने साइबर फ्रॉड के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए इससे बचाव के उपाय बताए।
कार्यक्रम में दर्री थाना प्रभारी तेज कुमार यादव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक रवेन्द्र निकुंज, हिमांशु तिवारी एवं मनोज यादव सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चल रहा अभियान
दर्री थाना प्रभारी तेज कुमार यादव ने बताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा प्रदेशभर में साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 15 अगस्त से प्रारंभ होकर 2 अक्टूबर तक जारी रहेगा। अभियान के तहत स्कूलों, महाविद्यालयों और अन्य संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आम लोगों को साइबर अपराधों के प्रति सचेत किया जा रहा है।
उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के बढ़ते स्वरूप की जानकारी देते हुए कहा कि मोबाइल और इंटरनेट का उपयोग करते समय थोड़ी सी लापरवाही भी आर्थिक नुकसान का कारण बन सकती है। इसलिए किसी भी अनजान व्यक्ति के फोन, मैसेज या ऑनलाइन ऑफर पर तत्काल भरोसा नहीं करना चाहिए।
सतर्कता ही साइबर ठगी से बचाव का सबसे बड़ा हथियार
प्रशिक्षु उप निरीक्षक रवेन्द्र निकुंज ने कहा कि इंटरनेट और स्मार्टफोन के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर फ्रॉड के मामले भी लगातार सामने आ रहे हैं। साइबर ठग अलग-अलग तरीकों से लोगों को झांसे में लेते हैं। ऐसे में जागरूक और सतर्क रहना ही साइबर अपराध से बचने का सबसे प्रभावी उपाय है।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों से कहा कि वे ओटीपी, पासवर्ड, एटीएम/बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें, अनजान लिंक पर क्लिक न करें और संदिग्ध कॉल या मैसेज के झांसे में न आएं। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करने की सलाह भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरल भाषा में समाधान बताया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वयं साइबर अपराध से सुरक्षित रखने के साथ-साथ उनके माध्यम से परिवार और समाज में भी साइबर जागरूकता का संदेश पहुंचाना रहा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















