फर्जी कॉल, लिंक और ओटीपी से रहें सावधान, ठगी होने पर तत्काल 1930 पर करें शिकायत
कोरबा। बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के प्रति विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को जागरूक करने के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कनकी में सोमवार को साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में साइबर विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को मोबाइल और इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के व्यावहारिक उपाय बताए।
मुख्य वक्ता साइबर थाना कोरबा के उप निरीक्षक अजय सोनवानी ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर ठग फर्जी कॉल, मैसेज, लिंक, ओटीपी और बैंकिंग से जुड़ी जानकारी हासिल कर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से अनजान लोगों के फोन पर भरोसा नहीं करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल परिजनों या पुलिस को देने की अपील की।
ओटीपी और पासवर्ड किसी से साझा न करें
टेक्निकल एक्सपर्ट विश्वेश्वर सिंह ने मोबाइल में उपलब्ध सुरक्षा तकनीकों और उनकी उपयोगिता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, बैंक खाते या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। संदिग्ध लिंक, अनजान ऐप या वेबसाइट पर क्लिक करने से भी बचना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि सोशल मीडिया अकाउंट में मजबूत पासवर्ड और सुरक्षा सुविधाओं का उपयोग करें तथा मोबाइल में समय-समय पर सुरक्षा सेटिंग्स की जांच करते रहें।
ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत
कार्यक्रम में साइबर ठगी का शिकार होने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने और मामले में कार्रवाई की संभावना बढ़ती है।
कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता एस.आर. यादव ने किया। संस्था की प्राचार्य श्रीमती शकुंतला सारथी ने अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















