साप्ताहिक समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए निर्देश, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों के संतोषजनक निराकरण पर भी जोर
कोरबा। लगातार बारिश के कारण जिले की कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसे गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को खराब और क्षतिग्रस्त सड़कों की आवश्यक मरम्मत का कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आवागमन की सुविधा और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चिन्हांकित सड़कों के सुधार में किसी तरह का अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
कलेक्टोरेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिले में सड़कों की स्थिति को लेकर लगातार मिल रही जानकारी पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग, सेतु विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, नगरीय निकायों तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र की सड़कों का निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए।
शिकायतों का केवल औपचारिक निराकरण न हो
बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा भी की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का केवल औपचारिक निराकरण दर्ज करने के बजाय शिकायतकर्ता को वास्तविक और संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
ई-एचआरएमएस पर जानकारी दर्ज करने के निर्देश
कलेक्टर ने शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व सहित सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को ई-एचआरएमएस पोर्टल पर आवश्यक जानकारी दर्ज कर शीघ्र ऑनबोर्ड होने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागवार प्रगति की निगरानी करने पर भी जोर दिया।
शत-प्रतिशत एग्रीस्टेक पंजीयन पर जोर
बैठक में एग्रीस्टेक पंजीयन की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जिले के सभी पात्र किसानों का शत-प्रतिशत एग्रीस्टेक पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वनाधिकार पट्टाधारी हितग्राहियों की सूची को भी अद्यतन जानकारी के साथ तैयार करने के लिए राजस्व अधिकारियों को कहा गया, ताकि पात्र हितग्राहियों का एग्रीस्टेक पोर्टल पर पंजीयन निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जा सके।
डिजिटल क्रॉप सर्वे में तेजी लाने के निर्देश
कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिले के सभी गांवों में सर्वे कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर इसे पूरा कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, वनमंडलाधिकारी कटघोरा जितेंद्र उपाध्याय, ओएसडी तरुण कुमार किरण, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















