कबाड़ कारोबारी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज, कार्रवाई के बाद अन्य कबाड़ कारोबारियों में हड़कंप
कोरबा।अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए कोरबा पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में कोतवाली पुलिस ने सीतामणी क्षेत्र में दबिश देकर एक कबाड़ कारोबारी के ठिकाने से पुरानी पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने हथियार एवं कारतूस जब्त कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। कार्रवाई के बाद कबाड़ कारोबार से जुड़े अन्य लोगों में भी हड़कंप की स्थिति है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कबाड़ी प्रहलाद साहू के यहां से निकली कबाड़ की गाड़ी में पिस्टल और जिंदा कारतूस रखे हुए हैं। सूचना की पुष्टि के लिए कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संदिग्ध वाहन की तलाशी ली।
कबाड़ के बीच छिपे मिले कारतूस और पिस्टल
तलाशी के दौरान कबाड़ के सामान के बीच पांच जिंदा राउंड और एक पुरानी जंग लगी पिस्टल बरामद होने की बात सामने आई। पुलिस ने हथियार एवं कारतूस को जब्त कर लिया। मामले में प्रहलाद साहू के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं कबाड़ सामग्री के संबंध में बीएनएसएस की धारा 106 के तहत भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि पिस्टल और जिंदा कारतूस कबाड़ के बीच कैसे पहुंचे और इन्हें वहां किसने रखा था। हथियार की स्थिति, उसके स्रोत और आरोपी के किसी अन्य व्यक्ति से संपर्क सहित विभिन्न पहलुओं पर पुलिस जानकारी जुटा रही है।
कबाड़ कारोबार पर फिर उठे सवाल
सीतामणी में हुई इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य कबाड़ कारोबारियों में भी हड़कंप की स्थिति है। स्थानीय स्तर पर चोरी का सामान, लोहा और औद्योगिक स्क्रैप के अवैध कारोबार को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं।
पुलिस पूर्व में भी अवैध कबाड़ भंडारण और चोरी का सामान खरीदने के मामलों में कई कबाड़ कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है।
नहर पुल काटने के मामले में भी हुई थी बड़ी कार्रवाई
कोरबा में कबाड़ कारोबार को लेकर करीब पांच वर्ष पहले भी काफी चर्चा रही थी। उस दौरान एसईसीएल की खदानों से कोयला, डीजल और कबाड़ चोरी के आरोपों को लेकर कई मामले सामने आए थे। बाद में पुलिस एवं प्रशासन द्वारा ऐसे मामलों में कार्रवाई की गई।
इसी वर्ष रशियन हॉस्टल के पास नगर निगम के नहर पुल में लगे लोहे के एंगल काटकर चोरी किए जाने का मामला भी सामने आया था। इस मामले में पुलिस ने कई धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए 11 कबाड़ कारोबारियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
सीतामणी की ताजा कार्रवाई के बाद एक बार फिर कबाड़ के कारोबार की आड़ में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ हथियार के स्रोत और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी सामने आने की संभावना है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















