संतश्री जलाराम बापा मंदिर में पावन रुद्राभिषेक संपन्न

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ सार्वजनिक रुद्राभिषेक, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने लिया धर्मलाभ

कोरबा। पावन सावन मास के अवसर पर श्री जलाराम सेवा समिति के तत्वावधान में श्री जलाराम बापा मंदिर, कोरबा में मंगलवार को भव्य सार्वजनिक रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक चले धार्मिक अनुष्ठान में वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भगवान शिव का अभिषेक किया गया।

रुद्राभिषेक में गुजराती समाज के वरिष्ठजनों, गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

भगवान शिव के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं अभिषेक कर भगवान महादेव से परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और मंगल की कामना की।

12 श्रद्धालु बने यजमान
आयोजन समिति के अनुसार रुद्राभिषेक में 12 श्रद्धालुओं ने यजमान के रूप में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त किया।

इनमें पीयूष भाई राठोड, त्रिभुवन भाई चौहान, नंदलाल भाई जेठवा, सुरेश भाई चौहान, अजय यादव, प्रीतिबेन विनोद भाई पढीहार, प्रतीक भरत भाई मकवाना, विशाल भाई चावड़ा, भागेंद्र सोनी एवं संजय भाई चौहान सहित अन्य श्रद्धालु शामिल रहे।

धार्मिक अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ भगवान शिव की आराधना की। सावन मास में आयोजित इस विशेष रुद्राभिषेक को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला।

धार्मिक आयोजनों को निरंतरता देने का संकल्प
श्री जलाराम सेवा समिति ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग एवं सहभागिता के लिए सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि समाज के सहयोग से भविष्य में भी धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन निरंतर किया जाएगा।