KORBA: खोडरी मोड़ पर भीषण सड़क हादसा, पिता-पुत्र की मौत, तीसरा गंभीर

गेवरा जा रही बाइक को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर, एक युवक गंभीर घायल

कोरबा। जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र में खोडरी मोड़ के पास हुए भीषण सड़क हादसे में ग्राम सरईसिंगार निवासी दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल को डायल-112 की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार ग्राम सरईसिंगार निवासी फूल सिंह पिता दौलत सिंह, नरसिंह सिंह पिता फूल सिंह और यशवंत सिंह पिता स्वर्गीय कमल सिंह मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BJ 5644 से सराइसिंगार से गेवरा की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान खोडरी मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि फूल सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल नरसिंह सिंह की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं बाइक सवार यशवंत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।

जनपद सदस्य ने बढ़ाया मदद का हाथ
हादसे की जानकारी मिलने के बाद जनपद सदस्य फुलचंद कश्यप भी मौके पर पहुंचे और परिजनों एवं घायल के उपचार में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने घायल के बेहतर उपचार के लिए आवश्यक मदद उपलब्ध कराने की बात कही।

इधर कुसमुंडा पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर मर्ग पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

घटना के बाद ग्राम सरईसिंगार में शोक की लहर है। एक ही हादसे में दो लोगों की मौत से ग्रामीणों और परिजनों में गहरा दुख व्याप्त है।