मूसलाधार बारिश के बीच उमड़ा शिवभक्तों का सैलाब, कोरबा कांवरिया संघ ने श्रद्धालुओं के लिए लगाया भव्य भंडारा
कोरबा। सावन मास के चौथे सोमवार को कनकेश्वर धाम में आस्था, भक्ति और सेवा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से हो रही तेज बारिश भी शिवभक्तों की आस्था को नहीं डिगा सकी। भगवान कनकेश्वरनाथ महादेव के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में कांवरिये और श्रद्धालु धाम पहुंचे। ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से पूरा कनकेश्वर धाम शिवमय नजर आया।
इस पावन अवसर पर कोरबा कांवरिया संघ की ओर से श्रद्धालुओं की सेवा के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भगवान भोलेनाथ के दर्शन-पूजन एवं जलाभिषेक के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भंडारे में महाप्रसाद ग्रहण किया। आयोजन की शुरुआत विधि-विधान से भगवान शिव को महाप्रसाद का भोग अर्पित कर की गई।
इसके बाद कन्या पूजन संपन्न कराया गया और श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया।
बारिश के बीच सेवा में जुटे रहे कांवरिया संघ के सदस्य
भारी बारिश के बावजूद कोरबा कांवरिया संघ के सदस्यों का उत्साह और सेवा भाव कम नहीं हुआ। श्रद्धालुओं की सुविधा से लेकर भंडारे की व्यवस्था और महाप्रसाद वितरण तक संघ के सदस्य पूरी तत्परता से जुटे रहे। बारिश के बीच भी भक्तों को आत्मीयता के साथ प्रसाद ग्रहण कराया गया।
भंडारे में शामिल श्रद्धालुओं ने कोरबा कांवरिया संघ के सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि शिवधाम में दर्शन के साथ भोजन की व्यवस्था मिलना श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सुविधा रही। आयोजन स्थल पर सेवा और भक्ति का वातावरण पूरे समय बना रहा।
शिवभक्ति के साथ सेवा का संदेश
इस अवसर पर कोरबा कांवरिया संघ के नागरमल अग्रवाल, ठाकुर दास मनवानी, महेश अग्रवाल, दिनेश पटेल, राकेश नागरमल अग्रवाल, अर्जुन गुप्ता, नरेश अग्रवाल (बी.आर. सेल्स), मनीष मनवानी सहित संघ के अनेक सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
सावन के अंतिम चरण में कनकेश्वर धाम में उमड़ी श्रद्धा और कोरबा कांवरिया संघ की सेवा ने धार्मिक आयोजन को और विशेष बना दिया।
जहां शिवभक्ति साधना बनी,वहीं श्रद्धालुओं की सेवा आराधना का स्वरूप बन गई। बारिश के बीच भी भक्तों की आस्था और सेवा का यह संगम कनकेश्वर धाम में लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















