कुदरी चिंगार में हादसा, मलबे में दबकर 49 वर्षीय बिफईया बाई गंभीर रूप से घायल; एंबुलेंस नहीं पहुंचने पर निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया
कोरबा। जिले के कोरबा विकासखंड के वनांचल ग्राम कुदरी चिंगार में मंगलवार सुबह भारी बारिश के बीच मिट्टी का घर अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के वक्त घर के भीतर घरेलू काम कर रही आंगनबाड़ी सहायिका बिफईया बाई उइके (49), पति बजरंग उइके मलबे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
बताया गया कि बिफईया बाई ग्राम पंचायत डोकरमना अंतर्गत कुदरी चिंगार की आंगनबाड़ी सहायिका हैं। लगातार बारिश के कारण मिट्टी से बना मकान कमजोर हो गया था।
मंगलवार सुबह वह घर के अंदर काम कर रही थीं, तभी अचानक मकान का एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। दीवार और मलबे के नीचे दबने से उन्हें गंभीर चोटें आईं।

एंबुलेंस नहीं पहुंची तो निजी वाहन से अस्पताल ले गए
हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस के लिए संपर्क किया, लेकिन समय पर एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंच सकी। घायल महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्राम पंचायत सरपंच ने निजी वाहन की व्यवस्था की। इसके बाद बिफईया बाई को उपचार के लिए लेमरू के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। लगातार बारिश के बीच कच्चे और कमजोर मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में कमजोर मकानों का सर्वे कराने और जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















