1 मिलियन टन वार्षिक उत्पादन क्षमता की ओर अग्रसर बालको, रोजगार, तकनीक और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिल रही नई गति
बालकोनगर। छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास में भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) की भूमिका लगातार मजबूत हो रही है। वर्ष 1965 में स्थापित बालको आज न केवल प्रदेश की औद्योगिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है, बल्कि रोजगार, स्थानीय अर्थव्यवस्था, तकनीकी नवाचार और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भी अहम योगदान दे रहा है।
वर्ष 2001 में वेदांता समूह के प्रबंधन में आने के बाद बालको ने उत्पादन क्षमता, ऊर्जा, तकनीक और अधोसंरचना के क्षेत्र में व्यापक विस्तार किया। वर्तमान में कंपनी की एल्यूमिनियम स्मेल्टर क्षमता 5.95 लाख टन प्रतिवर्ष है, जिसे विस्तार परियोजना के बाद 10 लाख टन यानी 1 मिलियन टन प्रतिवर्ष तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
बालको के विस्तार से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिल रही मजबूती
बालको का प्रभाव केवल संयंत्र परिसर तक सीमित नहीं है। कंपनी के विस्तार के साथ कोरबा और बालकोनगर की स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिली है। प्रत्यक्ष रोजगार के साथ परिवहन, लॉजिस्टिक्स, सेवाओं, व्यवसायिक साझेदारों और स्थानीय उद्यमों के लिए भी नए अवसर सृजित हुए हैं।
कंपनी के अनुसार, पिछले एक दशक में बालको ने छत्तीसगढ़ एवं केंद्र सरकार के राजस्व में करीब 29 हजार करोड़ रुपये का योगदान दिया है। वहीं कंपनी अपने एल्यूमिनियम उत्पादन का लगभग 90 प्रतिशत घरेलू बाजार में उपलब्ध कराती है। परिवहन, निर्माण, ऊर्जा, रक्षा और अंतरिक्ष जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में एल्यूमिनियम की बढ़ती जरूरतों के बीच बालको की भूमिका और महत्वपूर्ण हो गई है।
1 मिलियन टन की दिशा में बढ़ता कदम
बालको की क्षमता विस्तार यात्रा में 525 किलो एम्पीयर पॉटलाइन से फर्स्ट मेटल उत्पादन शुरू होना महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। कंपनी का लक्ष्य उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ अत्याधुनिक तकनीक, परिचालन दक्षता और सुरक्षा मानकों को भी मजबूत करना है।
क्षमता विस्तार से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ स्थानीय कारोबार, लॉजिस्टिक्स और सेवा क्षेत्र को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। इससे बालको का आर्थिक प्रभाव कोरबा और आसपास के क्षेत्रों में और व्यापक होने की संभावना है।
एआई और डिजिटल तकनीक पर जोर
बदलते औद्योगिक परिदृश्य में बालको संचालन को अधिक स्मार्ट, सुरक्षित और दक्ष बनाने के लिए डिजिटल तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और डेटा आधारित समाधानों का उपयोग कर रहा है। डिजिटल निगरानी और स्मार्ट तकनीकों के माध्यम से उत्पादन प्रक्रिया, गुणवत्ता, सुरक्षा और परिचालन दक्षता में सुधार पर जोर दिया जा रहा है।
पर्यावरण संरक्षण के साथ औद्योगिक विकास
उत्पादन विस्तार के साथ पर्यावरणीय स्थिरता को भी कंपनी की विकास रणनीति का हिस्सा बनाया गया है। ऊर्जा दक्षता, जल संरक्षण, पौधारोपण, इलेक्ट्रिक वाहनों और कम कार्बन उत्सर्जन वाले उत्पादों के माध्यम से टिकाऊ औद्योगिक विकास की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
‘रिस्टोरा’ लो-कार्बन एल्यूमिनियम इसी दिशा में एक पहल है, जिसका उद्देश्य कम कार्बन उत्सर्जन वाले एल्यूमिनियम की बढ़ती मांग को पूरा करने में योगदान देना है।
सुरक्षा को संचालन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर
औद्योगिक विकास के साथ सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कर्मचारियों और व्यवसायिक साझेदारों के लिए नियमित प्रशिक्षण, मॉक ड्रिल, आपातकालीन प्रतिक्रिया और सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। ‘सुरक्षा संकल्प’ जैसी पहल के माध्यम से सुरक्षित कार्य संस्कृति को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।
बालको की औद्योगिक यात्रा से राष्ट्र निर्माण तक
भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मजबूत घरेलू धातु उद्योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। बुनियादी ढांचे से लेकर रक्षा, ऊर्जा, परिवहन और अंतरिक्ष तक एल्यूमिनियम की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में बालको का क्षमता विस्तार, तकनीकी नवाचार और उत्पादन वृद्धि देश की औद्योगिक आत्मनिर्भरता को मजबूत करने में योगदान दे सकती है।
छत्तीसगढ़ से शुरू हुई बालको की औद्योगिक यात्रा अब उत्पादन से आगे बढ़कर रोजगार, तकनीक, नवाचार, स्थानीय आर्थिक विकास और राष्ट्र निर्माण से जुड़ रही है।
1मिलियन टन वार्षिक उत्पादन क्षमता की ओर बढ़ता बालको आने वाले वर्षों में भारतीय एल्यूमिनियम उद्योग की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने में अपनी भूमिका और मजबूत करने की दिशा में अग्रसर है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















