दंतेल हाथी ने हाईवे पर रोका डीजल टैंकर, चालक-परिचालक ने कूदकर बचाई जान

हॉर्न बजते ही टैंकर की ओर दौड़ा हाथी, गड्ढे में फंसा वाहन; करीब आधे घंटे तक थमी रही आवाजाही

कोरबा।कटघोरा वन मंडल क्षेत्र में एक बार फिर मानव-हाथी संघर्ष की स्थिति देखने को मिली। राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क पार कर रहे एक दंतेल हाथी ने अचानक डीजल टैंकर का रास्ता रोक दिया। टैंकर चालक द्वारा हॉर्न बजाए जाने के बाद हाथी वाहन की ओर दौड़ पड़ा। हाथी को अपनी ओर आता देख चालक और परिचालक में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार टैंकर चालक ने हाथी से बचने के लिए वाहन को पीछे लेने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान टैंकर का पहिया सड़क किनारे गड्ढे में फंस गया। वाहन के आगे बढ़ने का रास्ता बंद होने और हाथी के लगातार नजदीक आने पर चालक और परिचालक ने अपनी जान बचाने के लिए टैंकर से छलांग लगा दी और जंगल की ओर भाग निकले।

आधे घंटे तक हाईवे पर बना रहा दहशत का माहौल
हाथी काफी देर तक सड़क के आसपास मौजूद रहा। इसके चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई और दोनों ओर वाहनों की कतार लगने से करीब आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। हाथी के जंगल की ओर चले जाने के बाद ही मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका।

घटना के दौरान सड़क से गुजर रहे वाहन चालकों में भी दहशत का माहौल रहा। वन क्षेत्र से लगे मार्गों पर हाथियों की मौजूदगी के कारण वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

करीब 10 हाथियों के दल की मौजूदगी
बताया जा रहा है कि इन दिनों क्षेत्र में करीब 10 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है और ग्रामीणों तथा राहगीरों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।

वन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि हाथी दिखाई देने या उसकी मौजूदगी की सूचना मिलने पर वाहन रोककर सुरक्षित दूरी बनाए रखें। हॉर्न न बजाएं, हाथी के करीब जाने या उसे छेड़ने का प्रयास न करें और किसी भी स्थिति में उसके रास्ते को रोकने की कोशिश न करें।