कोरबा। शहर में बिजली, पेयजल, सड़क और साफ-सफाई की समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने आंदोलन की रणनीति तैयार की है। कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक में स्मार्ट मीटर, मनमाने बिजली बिल, 400 यूनिट तक हाफ बिजली बिल योजना, बदहाल सड़कों और शुद्ध पेयजल सहित विभिन्न जनसमस्याओं पर बिंदुवार चर्चा की गई।
बैठक में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने बिजली के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि प्रदेश में पिछले दो वर्षों के दौरान कई बार बिजली की दरों में बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि 400 यूनिट तक हाफ बिजली बिल योजना में संशोधन कर इसे कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर कांग्रेस द्वारा आंदोलन की बात कही।
बदहाल सड़कों और पेयजल को लेकर भी नाराजगी
नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने शहर की सड़कों की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि पूर्व में नगर निगम में विपक्ष द्वारा सड़कों की खराब स्थिति को लेकर विरोध प्रदर्शन किए जाते थे। वर्तमान में भी शहर की लगभग सभी प्रमुख सड़कों की स्थिति खराब है। बरसात के दिनों में लोगों को आवागमन के साथ-साथ शुद्ध पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक में स्मार्ट मीटर लगाए जाने, बिजली बिलों में कथित अनियमितता, सड़क एवं पेयजल व्यवस्था के साथ शहर में साफ-सफाई की स्थिति को लेकर भी चर्चा हुई। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर प्रशासन और नगर निगम को तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने कहा कि सड़कों, बिजली, पानी और साफ-सफाई सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल सोमवार 24 अगस्त को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेगा। उन्होंने कहा कि ज्ञापन के माध्यम से समस्याओं के निराकरण के लिए प्रशासन को 10 दिन का समय दिया जाएगा।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित अवधि में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो 11वें और 12वें दिन नगर निगम कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
बैठक का संचालन ब्लॉक अध्यक्ष पालुराम साहू ने किया।
इस दौरान महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज, सेवादल अध्यक्ष प्रदीप पुरायणे, अजा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष नारायण कुर्रे, ओबीसी अध्यक्ष गजानंद साहू,अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष मो.शाहिद,अर्चना उपाध्याय, प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारी रेखा त्रिपाठी एवं सपना चौहान, जिला पदाधिकारी सुधीर जैन, राजेन्द्र सिंह ठाकुर, दुष्यंत शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष राजेन्द्र तिवारी सहित कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















