ताइक्वांडो खिलाड़ियों को महापौर ने प्रदान किए कलर बेल्ट और प्रमाण-पत्र

कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी के श्रम कल्याण केंद्र स्थित जूनियर क्लब में जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के तत्वावधान में एक दिवसीय कलर बेल्ट परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा में करीब 70 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर ताइक्वांडो की विभिन्न तकनीकों का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने सफल खिलाड़ियों को विभिन्न स्तर के कलर बेल्ट एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि ताइक्वांडो केवल आत्मरक्षा का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता और व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों और युवाओं को शिक्षा के साथ खेलों से जोड़ना आवश्यक है। खेल उन्हें शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ चुनौतियों का सामना करने के लिए मानसिक रूप से भी मजबूत बनाते हैं।

विभिन्न तकनीकों का किया प्रदर्शन

कलर बेल्ट परीक्षा में खिलाड़ियों ने किक, पंच, ब्लॉक, फॉर्म तथा ताइक्वांडो की निर्धारित तकनीकों का प्रदर्शन किया। परीक्षा के माध्यम से खिलाड़ियों की दक्षता और अगले स्तर के लिए उनकी तैयारी का मूल्यांकन किया गया।

छत्तीसगढ़ ताइक्वांडो संघ के महासचिव अनिल द्विवेदी ने कहा कि जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन द्वारा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देने के साथ उन्हें विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के अवसर उपलब्ध कराने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कलर बेल्ट परीक्षा खिलाड़ियों के खेल कौशल को निखारने और उन्हें अगले स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव है।

कार्यक्रम में जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन कोरबा के अध्यक्ष अखिल अग्रवाल, सचिव लोकेश राठौर, प्रशिक्षक लीला यादव, अंकित सिंह, सूरज श्रीवास, अदिति सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।