स्वस्थ यकृत के लिए नशे से दूरी जरूरी : डॉ. नागेन्द्र

लिवर संबंधी रोगों पर चिकित्सक सम्मेलन में हुई चर्चा, अंचल में नि:शुल्क जांच एवं परामर्श शिविर लगाने का निर्णय

कोरबा। लिवर संबंधी रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं इनके कारणों, बचाव तथा उपचार को लेकर आयुष मेडिकल एसोसिएशन कोरबा एवं हिमालया फार्मा, जेंड्रा डिवीजन बेंगलुरु के संयुक्त तत्वावधान में चिकित्सक सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में लिवर डिजीज से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चिकित्सकों ने विचार-विमर्श किया।

हिमालया फार्मा के साइंटिफिक सर्विसेस मैनेजर डॉ. अंकित तिवारी ने लिवर संबंधी बीमारियों की रोकथाम एवं उपचार को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आयुष चिकित्सकों के सहयोग से अंचल में लिवर रोगों को लेकर नि:शुल्क जांच, परामर्श एवं उपचार शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोगों को समय पर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और आवश्यक मार्गदर्शन मिल सके।

आयुष मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. नागेन्द्र नारायण शर्मा ने इस पहल में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि लिवर को स्वस्थ रखने के लिए नशे से दूरी बनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने शराब सहित अन्य नशीले पदार्थों के सेवन को लिवर के लिए गंभीर रूप से नुकसानदायक बताते हुए चिकित्सकों एवं आमजन को नशे से दूर रहने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशे से बचने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने से लिवर से संबंधित कई समस्याओं की पहचान समय रहते की जा सकती है। सम्मेलन का उद्देश्य चिकित्सकों के बीच लिवर रोगों को लेकर नवीन जानकारी साझा करने के साथ आम लोगों तक स्वास्थ्य जागरूकता पहुंचाना भी रहा।

कार्यक्रम में आयुष मेडिकल एसोसिएशन के संरक्षक डॉ. उदय शर्मा, डॉ. जे.पी. चंद्रा, डॉ. अतुल धाबू, डॉ. प्रदीप देवांगन, सचिव डॉ. राजीव गुप्ता, कोषाध्यक्ष डॉ. संजय वैष्णव, कार्यकारिणी सदस्य डॉ. उपमा नायक, डॉ. हेमंत पटेल, डॉ. अरविन्द साहू, डॉ. सुरेन्द्र मिश्रा, डॉ. अमित मिश्रा, डॉ. प्रियदर्शनी मिश्रा, डॉ. हितेश गभेल, डॉ. अक्षय कश्यप, डॉ. सागीर खान, डॉ. योगेश साहू, डॉ. अजय निर्मलकर, डॉ. जितेंद्र नारायण शर्मा, डॉ. ललित साहू, डॉ. प्रदीप कश्यप एवं डॉ. अश्विनी आर्य सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।

हिमालया फार्मा बेंगलुरु की ओर से साइंटिफिक सर्विसेस मैनेजर डॉ. अंकित तिवारी, रीजनल मैनेजर रमेश गुप्ता एवं फार्मा सेल्स ऑफिसर कमल धारिया सहित आयुष मेडिकल एसोसिएशन के सदस्य भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।