अग्रवाल समाज का दो दिवसीय वैवाहिक परिचय सम्मेलन आज से

कोरबा। छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन द्वारा 22 एवं 23 अगस्त 2026 को दो दिवसीय ऑनलाइन वैवाहिक परिचय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन का उद्देश्य अग्रवाल समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों को उपयुक्त जीवनसाथी की तलाश के लिए एक व्यापक एवं सशक्त मंच उपलब्ध कराना है।

संगठन के चेयरमैन अशोक मोदी ने बताया कि सम्मेलन के लिए अब तक 1400 से अधिक पंजीयन हो चुके हैं। इनमें करीब 800 युवक और 600 युवतियां शामिल हैं। सम्मेलन में विवाह योग्य युवक-युवतियों के साथ-साथ विधुर एवं विधवा प्रतिभागी भी हिस्सा ले सकेंगे।

आयोजन को सफल बनाने के लिए मंगल परिणय आयोग की संयोजिका श्रीमती शोभा केडिया, कोरबा तथा टीम की सदस्य श्रीमती रजनी डालमिया एवं श्रीमती शशि अग्रवाल सक्रियता से कार्य कर रही हैं।

देश ही नहीं, विदेशों से भी पंजीयन
इस ऑनलाइन परिचय सम्मेलन की खास बात यह है कि इसमें केवल छत्तीसगढ़ और देश के विभिन्न राज्यों में निवासरत अग्रवाल समाज के युवक-युवतियां ही नहीं, बल्कि विदेशों में रहने वाले समाज के प्रतिभागी भी ऑनलाइन पंजीयन करा रहे हैं।

प्रतिभागी अपने घर अथवा कार्यस्थल से मोबाइल फोन या कंप्यूटर के माध्यम से सम्मेलन में शामिल हो सकेंगे।

ऑनलाइन आयोजन के माध्यम से समाज के लोगों को भौगोलिक सीमाओं से परे एक-दूसरे से परिचित होने और योग्य जीवनसाथी की तलाश का अवसर मिलेगा।

आयोजकों ने बताया कि सम्मेलन के माध्यम से समाज के अधिक से अधिक परिवारों को जोड़ने और विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए बेहतर रिश्तों की संभावनाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।