मंगलम विहार का मामला, अस्पताल, कोचिंग सेंटर और दर्जनों संस्थानों तक पहुंचने में परेशानी
कोरबा। नगर पालिक निगम क्षेत्र में जहां अनेक अवैध बस्तियों और प्लाटिंग क्षेत्रों तक सड़कें आसानी से पहुंच रही हैं, वहीं शहर के प्रमुख क्षेत्र कोसाबाड़ी चौक के समीप मंगलम विहार कॉलोनी की करीब आधा किलोमीटर लंबी सड़क वर्षों से बदहाली का शिकार है। सड़क के लिए लंबे समय से मांग के बावजूद अब तक पक्की सड़क का निर्माण नहीं हो सका है। हैरानी की बात यह है कि इस क्षेत्र के रहवासी और विभिन्न संस्थान हर वर्ष नगर निगम को लाखों रुपये का टैक्स अदा कर रहे हैं, इसके बावजूद उन्हें मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
मंगलम विहार मार्ग के शुरुआती हिस्से में दोपहिया वाहन का शोरूम, विद्यापीठ पाठशाला कोचिंग सेंटर सहित कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित हैं। इसी मार्ग पर न्यू कोरबा हॉस्पिटल, कृष्णा मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल सहित अन्य संस्थान भी स्थित हैं। आगे यही मार्ग मंगलम विहार कॉलोनी को जोड़ता है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब है और बारिश के दिनों में समस्या और गंभीर हो जाती है।



दो दशक से इंतजार, सुविधाएं अब भी अधूरी
स्थानीय लोगों के अनुसार मंगलम विहार को करीब दो दशक पहले ट्रांसफर किया जा चुका है। तब से अब तक यहां बड़ी संख्या में आवासीय एवं व्यावसायिक गतिविधियां विकसित हो चुकी हैं। रहवासी और संस्थान नियमित रूप से नगर निगम को टैक्स का भुगतान कर रहे हैं, लेकिन इसके अनुरूप सड़क, स्ट्रीट लाइट और अन्य नागरिक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं।
सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और बारिश के दौरान कीचड़ के कारण आवागमन मुश्किल हो जाता है। बुजुर्गों, बच्चों, मरीजों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को भी परेशानी
इस मार्ग की बदहाली का असर अस्पतालों तक पहुंचने वाले मरीजों पर भी पड़ रहा है। बारिश के दौरान गड्ढों और खराब रास्ते से होकर मरीजों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी आपात स्थिति में खराब सड़क परेशानी को और बढ़ा सकती है।
रहवासियों एवं क्षेत्र के संस्थानों ने नगर निगम से मांग की है कि मंगलम विहार मार्ग का शीघ्र पक्कीकरण किया जाए, साथ ही पर्याप्त स्ट्रीट लाइट एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। लोगों का सवाल है कि जब क्षेत्र से नियमित रूप से लाखों रुपये का टैक्स निगम को प्राप्त हो रहा है, तो आखिर उन्हें एक अच्छी और सुरक्षित सड़क के लिए कब तक इंतजार करना पड़ेगा?
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















