HTPS दर्री से राख लेकर निकला वाहन निर्धारित गंतव्य के बजाय ब्रिक्स फैक्ट्री पहुंचा, पर्यावरण विभाग की कार्रवाई के बाद निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल
कोरबा। “जाना था जापान, पहुंच गए चीन” वाली कहावत कोरबा में फ्लाई ऐश परिवहन के मामले में चरितार्थ होती नजर आई। HTPS दर्री से करीब 35 टन फ्लाई ऐश लेकर सिवनी-कोसमंदा के लिए रवाना हुआ वाहन निर्धारित गंतव्य पर पहुंचने के बजाय पंडरीपानी स्थित एक फ्लाई ऐश ब्रिक्स फैक्ट्री पहुंच गया। मामला सामने आने के बाद पर्यावरण विभाग ने कार्रवाई करते हुए 1 लाख 5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है।
क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी प्रसन्ना सोनकर के अनुसार, शुक्रवार को राख ठेकेदार पशुपति नाथ का वाहन HTPS दर्री के सायलो से फ्लाई ऐश लोड कर सिवनी-कोसमंदा के लिए रवाना हुआ था। वाहन कथित रूप से निर्धारित स्थान पर राख पहुंचाने के बजाय पंडरीपानी स्थित फ्लाई ऐश ब्रिक्स फैक्ट्री पहुंच गया।
सूचना मिलने पर पर्यावरण विभाग की टीम मौके पर पहुंची और वाहन एवं राख के संबंध में जांच की। जांच में करीब 35 टन फ्लाई ऐश पाए जाने के बाद विभाग ने संबंधित प्रकरण में 1.05 लाख रुपए का जुर्माना अधिरोपित किया।
कागज पर मंजिल कुछ और, मौके पर ठिकाना कुछ और
मामले में अब सवाल उठ रहा है कि जब वाहन का निर्धारित गंतव्य सिवनी-कोसमंदा था तो वह पंडरीपानी स्थित फैक्ट्री तक कैसे पहुंचा? क्या वाहन निर्धारित स्थल तक गया ही नहीं या फिर फ्लाई ऐश को दूसरे स्थान पर खाली करने की कोई व्यवस्था थी? इन सवालों का जवाब जांच से ही स्पष्ट होगा।
पर्यावरण विभाग की कार्रवाई ने HTPS से निकलने वाली फ्लाई ऐश के परिवहन और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। फ्लाई ऐश को निर्धारित गंतव्य तक पहुंचाने की प्रक्रिया की निगरानी किस स्तर पर होती है और रास्ते में गंतव्य बदलने की स्थिति को कैसे ट्रैक किया जाता है, यह मामला इन व्यवस्थाओं की प्रभावशीलता पर भी सवाल छोड़ गया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















