साइबर ठगी होते ही 1930 पर करें कॉल, समय पर शिकायत से बच सकती है रकम
कोरबा ।डिजिटल लेनदेन बढ़ने के साथ साइबर ठगी के मामले भी सामने आ रहे हैं। यूपीआई फ्रॉड, बैंकिंग ठगी और सोशल मीडिया के जरिए होने वाले साइबर अपराधों से लोगों को बचाने के लिए कोरबा पुलिस द्वारा जिलेभर में साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें या cybercrime.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 20 अगस्त को जिले के 10 थाना क्षेत्रों में करीब 3 हजार विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया।
10 थाना क्षेत्रों में चला जागरूकता अभियान
कोतवाली, बालको, दर्री, दीपका, बांकीमोंगरा, सिविल लाइन, पाली, बांगो, रजगामार और चैतमा थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने स्कूल, कॉलेज एवं कोचिंग संस्थानों में पहुंचकर विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के तरीकों और उनसे बचाव की जानकारी दी।
सिविल लाइन क्षेत्र के कोचिंग संस्थानों, पाली के शासकीय हाई स्कूल, स्वामी आत्मानंद स्कूल पोड़ी, कटघोरा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोतवाली क्षेत्र के कमला नेहरू महाविद्यालय, दीपका के शासकीय महाविद्यालय, बांकीमोंगरा के नवीन महाविद्यालय एवं हायर सेकेंडरी स्कूल, दर्री के आईटीआई कॉलेज, स्वामी आत्मानंद स्कूल अयोध्यापुरी तथा लेमरू के एकलव्य विद्यालय देवपहरी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
ओटीपी और यूपीआई पिन किसी से साझा न करें
पुलिस टीमों ने विद्यार्थियों को समझाया कि साइबर ठग अक्सर बैंक अधिकारी, कस्टमर केयर, पुलिस अधिकारी या किसी परिचित के नाम पर फोन कर लोगों से गोपनीय जानकारी हासिल करते हैं। ओटीपी, यूपीआई पिन, एटीएम/डेबिट कार्ड की जानकारी, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए।
इसके अलावा अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध मोबाइल एप या एपीके फाइल डाउनलोड करने और फर्जी वेबसाइट पर बैंकिंग जानकारी दर्ज करने से बचने की सलाह दी गई।
लॉटरी और लालच वाले ऑफर से रहें सावधान
पुलिस ने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया पर मिलने वाले फर्जी ऑफर, लॉटरी, इनाम, नौकरी, निवेश और अन्य लालच भरे संदेशों से सावधान रहने को कहा। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर पैसे ट्रांसफर नहीं करने और संदिग्ध कॉल या मैसेज मिलने पर पहले उसकी सत्यता जांचने की सलाह दी गई।
ठगी होते ही 1930 पर करें शिकायत
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन ठगी हो जाती है तो वह समय गंवाए बिना 1930 पर कॉल करे तथा cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराए। पुलिस के अनुसार ठगी की जानकारी जितनी जल्दी दी जाएगी, रकम को रोकने या उसके लेनदेन पर कार्रवाई की संभावना उतनी ही बेहतर रहती है।
पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने, डिजिटल लेनदेन के दौरान सावधानी बरतने और अपनी गोपनीय बैंकिंग जानकारी सुरक्षित रखने की अपील की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















