धीवर समाज ने पौधारोपण कर दिया हरियाली का संदेश

छत्तीसगढ़।संभागीय धीवर समाज महासभा बिलासपुर के तत्वावधान में खोखरा ग्राम पंचायत स्थित धीवर समाज छात्रावास भवन परिसर में रविवार को वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

छात्रावास भवन के मुख्य द्वार से बाउंड्रीवॉल तक 8 तथा हाईवे से भवन तक नहर किनारे 16 ट्री गार्ड लगाकर जामुन, नीम, काजू, सप्तपर्णी और करंज सहित विभिन्न छायादार व फलदार पौधों का रोपण किया गया।

हाईवे से छात्रावास तक जाने वाले मार्ग को “धीवर पथ” नाम दिया गया और सांकेतिक बोर्ड भी लगाया गया। परिसर में सघन हरियाली के लिए “वृक्षारोपण फेज-2” आयोजित करने पर भी सहमति बनी।

कार्यक्रम के दौरान निर्माणाधीन पुरुष एवं महिला शौचालयों का अवलोकन किया गया तथा परिसर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। समयाभाव के कारण कुछ ट्री गार्ड तैयार नहीं हो सके, इसलिए आगामी दिनों में पुनः वृक्षारोपण कर अधिक पौधे लगाने का निर्णय लिया गया।

कार्यक्रम में महासभा अध्यक्ष देवव्रत भीष्म, वरिष्ठ समाज सेवक चैतराम धीवर, कोषाध्यक्ष महावीर धीवर, मीडिया प्रभारी मनीष भीष्म सहित विभिन्न रेंज एवं केंद्र के पदाधिकारी तथा समाज के सदस्य उपस्थित रहे।

स्वैच्छिक श्रमदान करने वाले सभी साथियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वरिष्ठ समाज सेवक चैतराम धीवर ने महासभा के समाजहित कार्यों की सराहना की और स्वतंत्रता दिवस व गणतंत्र दिवस पर छात्रावास परिसर में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया, जिस पर सभी ने सहमति जताई।

महासभा अध्यक्ष देवव्रत भीष्म ने भारी बारिश के बावजूद कार्यक्रम को सफल बनाने वाले सभी सदस्यों और ट्री गार्ड उपलब्ध कराने वाले साथियों का आभार व्यक्त किया।