सत्यापन नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को नहीं मिलेगी डिलीवरी, सब्सिडी पर भी पड़ेगा असर
कोरबा। एलपीजी कनेक्शन के ई-केवाईसी को लेकर पेट्रोलियम कंपनियों ने उपभोक्ताओं को एक बार फिर समय रहते सत्यापन कराने की सलाह दी है। कंपनियों के अनुसार 15 अगस्त तक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं की ऑनलाइन सिलेंडर बुकिंग प्रभावित हो सकती है और सत्यापन पूरा होने तक गैस सिलेंडर की डिलीवरी भी रोकी जा सकती है। ऐसे कनेक्शनों पर एलपीजी सब्सिडी भी प्रभावित होने की संभावना है।
बताया गया है कि लंबे समय से ई-केवाईसी के लिए उपभोक्ताओं को समय दिया जा रहा है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में ग्राहकों ने अब तक अपना सत्यापन पूरा नहीं कराया है। कंपनी अधिकारियों के अनुसार ऐसे कनेक्शनों में दूसरे जिले या राज्य में चले गए उपभोक्ता, मृत व्यक्तियों के नाम पर संचालित कनेक्शन अथवा एक ही व्यक्ति के नाम पर एक से अधिक कनेक्शन जैसे मामले होने की आशंका है।
15 अगस्त के बाद होगा सत्यापन
निर्धारित समय-सीमा के बाद ऐसे कनेक्शनों का फिजिकल वेरिफिकेशन भी किया जा सकता है। जांच के दौरान कनेक्शन में किसी तरह की गड़बड़ी मिलने पर उसे नियमानुसार रद्द या ब्लॉक किया जा सकता है। इसी वजह से गैस एजेंसियों की ओर से भी उपभोक्ताओं से समय रहते ई-केवाईसी कराने की अपील की जा रही है।
उपभोक्ता संबंधित गैस एजेंसी में जाकर आधार कार्ड और गैस कनेक्शन से जुड़ी जानकारी के माध्यम से ई-केवाईसी करा सकते हैं। जहां ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध है, वहां मोबाइल के माध्यम से भी सत्यापन प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
गैस एजेंसी संचालकों ने सामान्य एलपीजी उपभोक्ताओं के साथ उज्ज्वला कनेक्शनधारियों से भी समय-सीमा का ध्यान रखते हुए ई-केवाईसी कराने की अपील की है, ताकि भविष्य में सिलेंडर बुकिंग और डिलीवरी में किसी तरह की परेशानी न हो।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
