कोरबा। कोरबा जिले के वनांचल ग्राम डीडासरई-देवपहरी के जंगल में खेत से काम कर लौट रही एक महिला और किशोरी पर भालू ने हमला कर दिया। घटना में मूल्यारो बाई (50) और समारी बाई (14) घायल हो गईं। दोनों के शरीर के अलग-अलग हिस्सों में गहरे एवं मामूली चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार दोनों खेत में काम करने गई थीं। काम पूरा करने के बाद वापस लौटते समय जंगल में उनका सामना भालू से हो गया। अचानक हुए हमले से दोनों को संभलने का मौका नहीं मिला और भालू ने उन्हें घायल कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हुई। रेंजर ने दोनों घायलों को उपचार के लिए पहले लेमरू अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा रेफर किया गया। अस्पताल में दोनों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जानकारी जुटाई। विभाग की ओर से घायलों के उपचार के लिए तत्कालिक सहायता राशि भी उपलब्ध कराई गई है।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
वन विभाग ने जंगल से लगे क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को वन क्षेत्र में आवाजाही के दौरान विशेष सावधानी बरतने तथा अकेले जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह दी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
