स्व-सहायता समूहों के लिए शेड, पुलिया और पीडीएस भवन के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश
कोरबा। सीईओ जिला पंचायत ने पाली विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों का सघन निरीक्षण कर ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान स्व-सहायता समूहों के लिए शेड निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर भेजने तथा बारीउमराव एवं सुरका में पुलिया निर्माण के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पीडीएस भवन निर्माण के लिए भी आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।
सीईओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों का लाभ लोगों तक समय पर पहुंचे। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और उपयोगिता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों की भी जानकारी ली गई। सीईओ ने कहा कि महिला समूहों को विभिन्न विभागीय योजनाओं से जोड़कर उनकी आयवर्धक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए। इससे ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के साथ ग्रामीणों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत पाली के सीईओ मोहनीश देवांगन सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं मैदानी अमला उपस्थित रहा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
