फोरलेन किनारे घायल मिले युवक की रायपुर में मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

कोरबा। कोरबा-कुसमुंडा फोरलेन पर 8 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से घायल मिले विकास नगर निवासी सविंदर सिंह की रायपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों और मित्रों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिजन न्याय की मांग को लेकर कुसमुंडा थाना पहुंचे।

जानकारी के अनुसार 8 जुलाई की सुबह सविंदर सिंह कुसमुंडा फोरलेन पर डंपर पुल के पास सड़क किनारे गंभीर हालत में मिले थे। उनके शरीर पर काफी खून लगा हुआ था और पास में बाइक भी गिरी पड़ी थी। कुसमुंडा व्यापारी संघ के अध्यक्ष अशोक राठौर ने घायल को देखा और राहगीरों की मदद से स्कॉर्पियो रुकवाकर उन्हें विकास नगर स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया।

चेहरे पर गंभीर चोट से नहीं हो सकी पहचान
चेहरे पर गंभीर चोट और खून लगा होने के कारण प्रारंभ में घायल युवक की पहचान नहीं हो सकी। बाद में उसकी पहचान विकास नगर निवासी सविंदर सिंह के रूप में हुई।

प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे कोरबा जिला अस्पताल रेफर किया। स्थिति में सुधार नहीं होने पर परिजन बेहतर उपचार के लिए रायपुर ले गए। करीब एक माह तक चले उपचार के बाद सविंदर ने दम तोड़ दिया।

मारपीट के बाद फोरलेन किनारे फेंकने का आरोप
मृतक के परिजनों ने आशंका जताई है कि सविंदर के साथ मारपीट की गई थी और उसे मृत समझकर फोरलेन किनारे फेंक दिया गया। परिजनों का कहना है कि घटना की निष्पक्ष जांच कर वास्तविकता सामने लाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

सविंदर की मौत की सूचना के बाद बड़ी संख्या में परिजन, मित्र और बस्तीवासी कुसमुंडा थाना पहुंचे और पुलिस से न्याय की मांग की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का आश्वासन दिया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा।