पुलिस की रेड का झांसा देकर बुजुर्ग से सोने की चेन-अंगूठी की ठगी

नकली पुलिस बनकर बाइक सवार दो युवकों ने निहारिका में दिया वारदात को अंजाम, असली गहनों की जगह थमाए नकली आभूषण

कोरबा।सिविल लाइन थाना क्षेत्र के निहारिका इलाके में नकली पुलिस बनकर बाइक सवार दो ठगों ने एक बुजुर्ग को अपना निशाना बना लिया। आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए इलाके में पुलिस रेड होने और बुजुर्ग के पास गांजा होने की बात कहकर डराया। इसके बाद उनके गले से सोने की चेन और हाथ से अंगूठी उतरवाकर असली गहनों की जगह नकली गहने थमाकर फरार हो गए। शिकायत के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पीड़ित समीर चट्टोपाध्याय खरमोरा निवासी हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे बाइक से निहारिका में नारियल पानी पीकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया।

आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि इलाके में पुलिस की रेड पड़ी है और उन्हें गहने उतारकर सुरक्षित रखने चाहिए।

गांजा होने की सूचना बताकर डराया
ठगों ने बुजुर्ग से यह भी कहा कि उनके पास गांजा होने की सूचना मिली है। इस तरह डर का माहौल बनाकर आरोपियों ने उनसे एक कागज पर हस्ताक्षर भी करवाए। इसी दौरान एक आरोपी ने उनके गले से सोने की चेन और हाथ से अंगूठी उतरवा ली।

आरोपियों ने गहनों को पन्नी में रखने का झांसा दिया और बुजुर्ग को दूसरी पन्नी थमा दी। उन्हें लगा कि उनके असली गहने सुरक्षित रखे गए हैं। घर पहुंचकर बैग खोलने पर पता चला कि उसमें सोने की चेन और अंगूठी की जगह रोड गोल्ड के नकली आभूषण रखे थे। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के निहारिका के पास हुई है। शिकायत के आधार पर अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में दोनों आरोपी बाइक से पहुंचना सामने आया है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। बाइक के नंबर और आरोपियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।