उपभोक्ताओं की शिकायतों के आधार पर सरकार को सौंपेंगे ज्ञापन: जयसिंह
कोरबा।बिजली दरों में वृद्धि, स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिलों में कथित बढ़ोतरी और बिजली कटौती की समस्या को लेकर कांग्रेस ने जनजागरूकता अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को उपभोक्ताओं से जानकारी जुटाने के लिए प्रपत्र वितरित किए गए।
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद बिजली दरों में दो बार वृद्धि हुई है, जिससे आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन के दौरान 400 यूनिट तक आधे बिजली बिल की योजना को भी समाप्त कर दिया गया।
अग्रवाल ने कहा कि सरकार स्मार्ट मीटर को आधुनिक व्यवस्था के रूप में लागू कर रही है, लेकिन कई उपभोक्ता स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल में अप्रत्याशित वृद्धि की शिकायत कर रहे हैं। कांग्रेस इसी विषय को लेकर लोगों के बीच पहुंचकर वास्तविक स्थिति जानने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने बताया कि पार्टी कार्यकर्ता अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर उपभोक्ताओं से जानकारी जुटाएंगे कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद कितने लोगों के बिजली बिल बढ़े हैं और उन्हें किन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं से प्राप्त तथ्यों के आधार पर कांग्रेस सरकार को विस्तृत ज्ञापन सौंपेगी।
कार्यक्रम में शहर जिलाध्यक्ष मुकेश राठौर,ग्रामीण जिलाध्यक्ष मनोज चौहान,पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, पूर्व निगम सभापति श्यामसुंदर सोनी,महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुसुम द्विवेदी, पूर्व शहर जिलाध्यक्ष सपना चौहान, ब्लॉक अध्यक्ष पालूराम साहू सहित कांग्रेस के पदाधिकारी, पार्षद और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
