भाजपा महिला मोर्चा के तीज उत्सव में दिखी छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक

कोरबा। भाजपा महिला मोर्चा की संभाग प्रभारी एवं प्रदेश महामंत्री फुलेश्वरी सिंह पैकरा के प्रथम संभागीय प्रवास पर कोरबा में तीज उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने की, जबकि महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार ने आयोजन का मार्गदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। संभाग प्रभारी फुलेश्वरी पैकरा ने महिला कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।

तीज उत्सव के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने अन्नपूर्णा स्वरूपा माता पार्वती और भगवान भोलेनाथ की श्रद्धापूर्वक आराधना की। इस दौरान छत्तीसगढ़ी संस्कृति, परंपरा और लोकाचार की सुंदर झलक देखने को मिली। महिलाओं ने पारंपरिक अंदाज में तीज पर्व मनाते हुए उत्सव का आनंद लिया।

जवानों के लिए जुटाए रक्षा-सूत्र
कार्यक्रम में देश की सुरक्षा में दिन-रात जुटे वीर जवानों के सम्मान में रक्षा-सूत्र संकलन भी किया गया। महिला कार्यकर्ताओं ने सैनिक भाइयों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके लिए रक्षा-सूत्र भेजने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन और पार्षद नरेंद्र देवांगन सहित महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

महिला मोर्चा उपाध्यक्ष एवं कोरबा प्रभारी संगीता शर्मा, सह प्रभारी उमा सोनी, प्रदेश मंत्री संतोषी दीवान, प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी मंजुला सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रंजीता शर्मा, वैशाली रतनपारखी, जिला महामंत्री अनसुईया राठौर, स्वाति कश्यप सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री और बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।