31 अगस्त तक नल कनेक्शन का सत्यापन कर भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने की हिदायत
कोरबा।जल जीवन मिशन की मासिक समीक्षा बैठक में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने हर घर जल योजना के निर्धारित लक्ष्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने समय-सीमा में लक्ष्य पूरा नहीं करने वाले संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पूर्ण एवं हस्तांतरित योजनाओं के भुगतान में देरी को गंभीरता से लेते हुए 31 अगस्त तक प्रत्येक घर में नल कनेक्शन का सत्यापन कर भुगतान के लिए फाइल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, क्रेडा और जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के साथ जल जीवन मिशन के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने पूर्ण एवं हस्तांतरित योजनाओं का संयुक्त सत्यापन कराने तथा निर्धारित समय-सीमा में सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सत्यापन और भुगतान की प्रक्रिया लंबित पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गांववार कार्यों की मांगी रिपोर्ट
कलेक्टर ने लक्षित योजनाओं के तहत विकासखंडवार एक-एक गांव में हुए कार्यों का विस्तृत विवरण तैयार कर स्लाइड के माध्यम से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। रिपोर्ट में पानी की टंकी की स्थिति, नल कनेक्शनों की संख्या, जल स्रोत, विद्युत कनेक्शन और ट्रांसफार्मर की स्थिति का स्पष्ट उल्लेख करने के साथ कार्यों के फोटो भी संलग्न करने को कहा गया है। यह जानकारी 17 अगस्त तक तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
एतमानगर की बंद योजना जल्द शुरू करने के निर्देश
कलेक्टर ने एतमानगर क्षेत्र में मल्टी विलेज स्कीम के बंद पड़े कार्यों को शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी दिनों में परियोजना का निरीक्षण करने की बात कही। साथ ही जिले के एक विकासखंड को हर घर जल घोषित करने की दिशा में आवश्यक कार्य जल्द पूरा करने और जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता रमन उरांव, क्रेडा के नीलेश श्रीवास्तव,जल संसाधन विभाग के एसएल द्विवेदी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
