Blog
15 नवंबर तक पीएम ग्रामीण सड़कों का सुधार पूरा करने के निर्देश
पोड़ी-उपरोड़ा में कलेक्टर ने किया सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण
कोरबा। जिले के विशेष प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत निर्माण एवं सुधार कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने अधिकारियों से कहा कि जिन ग्रामीण सड़कों में सुधार की आवश्यकता है, वहां काम हर हाल में 15 नवंबर तक पूरा किया जाए।
कलेक्टर ने पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के दौरे के दौरान विभिन्न निर्माणाधीन सड़कों का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन एवं एसडीएम मनोज कुमार भी मौजूद रहे।
ग्राम सरमा से पसान मार्ग का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने सड़क पर जगह-जगह गड्ढे पाए जाने पर एसईसीएल रानी अटारी के अधिकारियों को तत्काल सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
कलेक्टर ने पीवीटीजी बाहुल्य गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के लिए पीएम जनमन योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़कों का भी जायजा लिया और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। लैंगा से सेमरा-सैला-जिल्दा तक 14.30 किलोमीटर लंबी निर्माणाधीन सड़क को 15 नवंबर तक पूर्ण करने को कहा गया।
इसी तरह कटोरी नगोई-केशलपुर मार्ग पर 6.90 किलोमीटर लंबी पीएमजीएसवाई सड़क का भी निरीक्षण किया गया। रेलवे लाइन के अंतर्गत आने वाले हिस्से में सड़क निर्माण कार्य अधूरा पाए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित रेलवे अधिकारियों से समन्वय कर शेष कार्य समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर होने से लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंच में सुविधा मिलेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
