‘ये शाम मस्तानी’ में गूंजे किशोर कुमार के सदाबहार गीत

कोरबा। महान पार्श्व गायक स्वर्गीय किशोर कुमार की जयंती के अवसर पर साहित्य भवन में ‘ये शाम मस्तानी एक शाम किशोर के नाम’ संगीतमय संध्या का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नरेंद्र देवांगन सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ किया।

मुख्य अतिथि नरेंद्र देवांगन ने संगीत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए किशोर कुमार का लोकप्रिय गीत ‘नीले-नीले अंबर पर’ प्रस्तुत किया। वहीं हेमलता शर्मा एवं संदीप शर्मा ने ‘हाल कैसा है जनाब का’ युगल गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं का मनोरंजन किया।

कार्यक्रम में शहर के विभिन्न कलाकारों ने किशोर कुमार के सदाबहार गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं। गीत-संगीत की प्रस्तुतियों ने साहित्य भवन में किशोर कुमार की यादों को जीवंत कर दिया।

समापन अवसर पर सभी कलाकारों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद सभी कलाकारों ने सामूहिक रूप से ‘ये शाम मस्तानी’ गीत प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन कु. ज्योति शर्मा ने किया।