छात्रावास की छात्राओं ने खोला मोर्चा, हाईवे पर किया चक्काजाम

अधीक्षिका पर प्रताड़ना और अव्यवस्थाओं के आरोप, कार्रवाई के आश्वासन पर शांत हुआ मामला

कोरबा। पोड़ी उपरोड़ा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास की छात्राओं ने गुरुवार को अपनी समस्याओं को लेकर कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया। छात्राओं के अचानक सड़क पर उतरने से करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

छात्राओं ने छात्रावास की अधीक्षिका शारदा नेताम पर मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना सहित कई गंभीर आरोप लगाए। छात्राओं का आरोप है कि देर रात तक पूजा-पाठ कराए जाने से उनकी पढ़ाई और नींद प्रभावित होती है।

उन्होंने छात्रावास में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पर भी नाराजगी जताई।

छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि उनसे हाथ-पैर की मालिश कराई जाती है तथा विरोध करने पर मारपीट और विभागीय कार्रवाई की धमकी दी जाती है। छात्राओं के मुताबिक, उन्होंने पूर्व में विकासखंड शिक्षा अधिकारी के समक्ष शिकायत की थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।

चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्राओं से बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं और अलग-अलग बयान दर्ज किए। करीब आधे घंटे की समझाइश और कार्रवाई के आश्वासन के बाद छात्राओं ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हुआ।

प्रशासन की ओर से छात्राओं को बताया गया कि शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधीक्षिका को हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

मौके पर पोड़ी उपरोड़ा तहसीलदार विनय देवांगन, नायब तहसीलदार सुमन मानिकपुरी, बीईओ के.आर. दयाल, जिला शिक्षा अधिकारी टी.पी. उपाध्याय और बांगो थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

फिलहाल मामले की जांच जारी है। छात्राओं द्वारा लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।