करीब एक साल तक संबंध बनाने के बाद शादी से मुकरा, फरार आरोपी गिरफ्तार; न्यायिक रिमांड पर भेजा
कोरबा। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी और पीड़िता की मुलाकात एक शादी समारोह में हुई थी। इसके बाद मोबाइल और वाट्सऐप के जरिए दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई।
पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर बातचीत के दौरान युवती द्वारा भेजी गई AI से एडिट तस्वीरों के जरिए दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। इसी दौरान आरोपी ने युवती से शादी करने और उसके साथ घर बसाने का भरोसा दिलाया।
पीड़िता का आरोप है कि शादी का विश्वास दिलाकर आरोपी ने उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
शादी की बात पर आरोपी ने किया इनकार
पीड़िता के अनुसार, जब उसने आरोपी पर शादी करने के लिए दबाव बनाया तो उसने कथित तौर पर शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने 22 जुलाई 2026 को बांकीमोंगरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 147/2026 के तहत बीएनएस की धारा 69 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पीड़िता और गवाहों के बयान दर्ज किए गए। पुलिस ने पीड़िता का कथन दर्ज कराने के साथ घटनास्थल का निरीक्षण और मेडिकल परीक्षण भी कराया।
फरार था आरोपी
पुलिस के अनुसार कुदरीपारा निवासी 32 वर्षीय राहुल दास पर आरोप है कि उसने 16 मार्च 2025 से 10 सितंबर 2025 के बीच शादी का झांसा देकर पीड़िता के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
पुलिस ने तलाश के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कटघोरा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
