ड्रिप सिंचाई और मल्चिंग तकनीक से ग्राफ्टेड टमाटर की खेती कर अर्जित किया 10 लाख रुपये का शुद्ध लाभ
कोरबा। राष्ट्रीय बागवानी मिशन की योजनाओं और आधुनिक कृषि तकनीकों ने कोरबा जिले की महिला किसान राजश्री मार्को की खेती और आय का स्वरूप बदल दिया है। ग्राम पतरापाली निवासी राजश्री मार्को ने ड्रिप सिंचाई, मल्चिंग शीट और उन्नत तकनीक का उपयोग कर ग्राफ्टेड टमाटर की खेती से उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
उन्होंने करीब 1.20 हेक्टेयर क्षेत्र में टमाटर की खेती कर 100 से 120 टन तक उच्च गुणवत्ता वाले टमाटर का उत्पादन किया और बाजार में बिक्री से करीब 8 से 10 लाख रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया।
आधुनिक तकनीक से कम लागत में बढ़ा उत्पादन
लघु कृषक श्रीमती राजश्री मार्को ने उद्यानिकी विभाग से संपर्क कर विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। वर्ष 2024-25 में उन्होंने 1.20 हेक्टेयर क्षेत्र में आधुनिक तकनीक से ग्राफ्टेड टमाटर की खेती शुरू की। खेती में ड्रिप सिंचाई प्रणाली एवं मल्चिंग शीट का उपयोग किया गया। इससे फसल को आवश्यकता के अनुसार नमी, पोषण और संरक्षण मिलता रहा।
ड्रिप सिंचाई के माध्यम से पौधों की जड़ों तक जरूरत के अनुसार पानी और घुलनशील उर्वरक पहुंचाया गया। इससे पानी की बचत के साथ-साथ पोषक तत्वों का बेहतर उपयोग हुआ। मल्चिंग शीट के प्रयोग से खेत में खरपतवार का नियंत्रण हुआ और फसल की देखभाल में लगने वाला अतिरिक्त श्रम भी कम हुआ।
ड्रिप सिंचाई एवं मल्चिंग तकनीक के कारण बार-बार सिंचाई, निराई-गुड़ाई और अतिरिक्त श्रम की आवश्यकता कम हुई। इससे खेती की लागत में कमी आई और फसल की गुणवत्ता एवं उत्पादन में बढ़ोतरी हुई। आधुनिक तकनीक के बेहतर परिणाम मिलने से श्रीमती राजश्री मार्को का आत्मविश्वास भी बढ़ा।
10 लाख तक का शुद्ध लाभ
श्रीमती राजश्री मार्को ने आधुनिक तकनीक के माध्यम से 100 से 120 टन उच्च गुणवत्ता वाले टमाटर का उत्पादन प्राप्त किया। उत्पादित टमाटर को बाजार में बेचकर उन्होंने लगभग 8 से 10 लाख रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया। उनकी यह सफलता क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणा बन गई है।
राजश्री मार्को की सफलता यह साबित करती है कि सीमित भूमि में भी वैज्ञानिक एवं आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर बेहतर उत्पादन और आमदनी हासिल की जा सकती है। उनकी सफलता से प्रेरित होकर आसपास के किसान भी अब ड्रिप सिंचाई, मल्चिंग और उन्नत उद्यानिकी फसलों की ओर रुचि ले रहे हैं।
किसानों के लिए बनी प्रेरणा
श्रीमती राजश्री मार्को का कहना है कि उद्यानिकी विभाग से मिली तकनीकी जानकारी और मार्गदर्शन से उन्हें आधुनिक तरीके से खेती करने में मदद मिली। नई तकनीक अपनाने के बाद उत्पादन और आमदनी दोनों में बेहतर परिणाम मिले हैं।
उद्यानिकी विभाग द्वारा राष्ट्रीय बागवानी मिशन के माध्यम से किसानों को आधुनिक तकनीक, गुणवत्तापूर्ण पौध सामग्री तथा आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। विभाग का उद्देश्य लघु एवं सीमांत किसानों की आय में वृद्धि कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनाना है।
राजश्री मार्को की सफलता इस बात का उदाहरण है कि मेहनत, आधुनिक तकनीक और सरकारी योजनाओं का सही उपयोग खेती को लाभ का व्यवसाय बना सकता है। उनकी उपलब्धि आसपास के किसानों को वैज्ञानिक खेती अपनाने और अपनी आय बढ़ाने के लिए प्रेरित कर रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
