नींद की झपकी से बेकाबू हुआ ट्रेलर, रेलिंग तोड़ गार्डन में घुसा

सर्वमंगला चौक में आधी रात हादसा, चालक घायल, बाल-बाल बचे राहगीर

कोरबा। शहर के व्यस्त सर्वमंगला चौक के पास बुधवार देर रात कोयला लोड तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी सुरक्षा रेलिंग तोड़ते हुए मंदिर के पास स्थित गार्डन में जा घुसा। इसके बाद ट्रेलर पलट गया। हादसे में चालक घायल हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय सड़क पर राहगीरों की आवाजाही कम थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, कुसमुंडा क्षेत्र से कोयला लोड कर ट्रेलर कनबेरी मार्ग की ओर जा रहा था। रात करीब 12 बजे सर्वमंगला चौक के पास पहुंचने पर चालक को कथित रूप से झपकी आ गई। इससे वाहन अनियंत्रित हो गया और तेज रफ्तार ट्रेलर सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग को तोड़ते हुए गार्डन में जा घुसा। टक्कर के बाद ट्रेलर पलट गया और उसका केबिन क्षतिग्रस्त हो गया।

केबिन में फंसा था चालक
दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ट्रेलर का चालक केबिन में फंस गया था। स्थानीय लोगों और अन्य वाहन चालकों की मदद से उसे बाहर निकाला गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल चालक को अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर सर्वमंगला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रेलर को हटवाने की कार्रवाई की। प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने की बात सामने आई है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है।

भारी वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने की मांग
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने खदान क्षेत्रों से शहर की ओर आने वाले भारी वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सर्वमंगला चौक व्यस्त क्षेत्र है, इसलिए यहां भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम जरूरी हैं। उनका कहना है कि रेलिंग और अन्य सुरक्षा व्यवस्था नहीं होती तो ट्रेलर मंदिर की ओर जा सकता था, जिससे बड़ी जनहानि हो सकती थी।

हादसे के कारण कुछ समय तक सर्वमंगला चौक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। ट्रेलर हटाए जाने के बाद यातायात सामान्य हो सका।