सितंबर में होगी मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा, 338 श्रद्धालु जाएंगे पुरी- भुवनेश्वर-कोणार्क

25 अगस्त तक जमा होंगे आवेदन, ग्रामीण क्षेत्र से 75 और नगरीय क्षेत्र से 25 प्रतिशत हितग्राही होंगे चयनित

कोरबा। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत कोरबा जिले के श्रद्धालुओं को पुरी, भुवनेश्वर और कोणार्क की तीर्थ यात्रा कराई जाएगी। प्रस्तावित यात्रा 21 से 24 सितंबर 2026 तक होगी। जिले से कुल 338 श्रद्धालुओं को यात्रा पर भेजने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

शासन के निर्देशानुसार चयन में ग्रामीण क्षेत्र के 75 प्रतिशत और नगरीय क्षेत्र के 25 प्रतिशत हितग्राही शामिल होंगे। ग्रामीण क्षेत्र के लिए जनपद पंचायत कोरबा एवं करतला से 50-50, कटघोरा से 40, पाली से 50 तथा पोड़ी-उपरोड़ा से 54 यात्रियों का लक्ष्य रखा गया है।

इसी तरह नगरीय निकायों में नगर पालिक निगम कोरबा से 60, नगर पालिका परिषद दीपका से 6, कटघोरा से 8, बांकीमोंगरा से 8 तथा नगर पंचायत पाली और छुरीकला से 6-6 श्रद्धालुओं का चयन किया जाएगा।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने योजना के क्रियान्वयन के लिए सभी जनपद पंचायतों एवं संबंधित नगरीय निकायों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पात्र हितग्राहियों से निर्धारित प्रपत्र में आवेदन प्राप्त कर नाम सहित सूची 25 अगस्त तक उप संचालक समाज कल्याण कार्यालय, कोरबा में जमा कराने कहा गया है।

आवेदन के साथ दस्तावेज अनिवार्य
आवेदन के साथ दो नवीन पासपोर्ट साइज फोटो तथा पहचान के लिए आधार कार्ड, राशन कार्ड, पैन कार्ड, ईपिक कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस की छायाप्रति लगाना अनिवार्य होगा। आवेदक के शारीरिक एवं मानसिक रूप से सक्षम होने संबंधी चिकित्सकीय प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना होगा, जिस पर चिकित्सक के हस्ताक्षर आवश्यक हैं।