बोले सपनों को लक्ष्य बनाकर मेहनत करें, सफलता निश्चित मिलेगी
कोरबा। पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लमना में बुधवार को कलेक्टर कुणाल दुदावत का अलग अंदाज देखने को मिला। विद्यालय के निरीक्षण के दौरान वे कक्षा 11वीं में शिक्षक की भूमिका में नजर आए और विद्यार्थियों को भौतिक विज्ञान के विभिन्न विषयों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर पढ़ाई, परीक्षा की तैयारी और स्कूल की सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी ली।
कलेक्टर ने कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों से चर्चा करते हुए उनके पसंदीदा विषय, परीक्षा की तैयारी, पिछले वर्ष के परीक्षा परिणाम और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में पूछा। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और समय के सदुपयोग की सीख देते हुए कहा कि सपनों को लक्ष्य बनाकर पूरी मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें, सफलता निश्चित रूप से मिलेगी।
भौतिकी के सवालों को आसान तरीके से समझाया
कक्षा 11वीं में कलेक्टर ने विद्यार्थियों को भौतिक मात्रक, सदिश एवं अदिश राशियां, चाल, समय, दूरी और विस्थापन जैसे विषयों को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रश्नों के जवाब भी दिए। कलेक्टर की सहज शिक्षण शैली से विद्यार्थी उत्साहित नजर आए।
प्रयोगशाला और पुस्तकालय की सुविधा जल्द
कलेक्टर ने विद्यार्थियों से विद्यालय की जरूरतों के बारे में भी जानकारी ली। बच्चों ने प्रयोगशाला, प्रायोगिक सामग्री, पुस्तकालय, खेल मैदान एवं खेल सामग्री, पृथक शौचालय, कक्षाओं में सीपेज और प्रकाश व्यवस्था की समस्याएं बताईं।
कलेक्टर ने बताया कि विद्यालय के नए भवन का निर्माण प्रगति पर है और इसके पूरा होने के बाद विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। उन्होंने वर्तमान भवन में सीपेज की मरम्मत कराने, प्रयोगशाला एवं पुस्तकालय के लिए प्रस्ताव तैयार करने तथा खेल सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
नीट-जेईई की निशुल्क कोचिंग की दी जानकारी
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को जिला प्रशासन की स्वामी विवेकानंद जिला खनिज न्यास शिक्षा प्रोत्साहन योजना सहित नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपलब्ध निशुल्क कोचिंग की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने यह भी बताया कि जिन विद्यालयों का बोर्ड परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहेगा, वहां के विद्यार्थियों को जिला प्रशासन की ओर से इसरो जैसे प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्थानों के शैक्षणिक भ्रमण का अवसर दिया जाएगा।
कलेक्टर ने प्राचार्य एवं शिक्षकों से भी चर्चा कर शिक्षकों की उपलब्धता, शैक्षणिक गतिविधियों और परीक्षा परिणाम की जानकारी ली तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, एसडीएम पोड़ी-उपरोड़ा मनोज बंजारे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
