हाथियों से छेड़छाड़ पड़ी भारी, ग्रामीण घायल

कोरबा। कुदमुरा वन परिक्षेत्र के ग्राम कलमीटिकरा में हाथियों के दल के करीब जाना एक ग्रामीण को महंगा पड़ गया। हाथियों से छेड़छाड़ के दौरान उनकी चपेट में आने से ग्रामीण घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए करतला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम कलमीटिकरा के जिलगा परिसर स्थित कक्ष क्रमांक ओए-1418 में 9 हाथियों का दल विचरण कर रहा था। इसी दौरान गांव निवासी किरण कुमार राठिया (30) पिता राम सिंह राठिया हाथियों के दल के काफी करीब पहुंच गया। हाथियों के निकट जाने और उनसे छेड़छाड़ करने के दौरान वह उनकी चपेट में आ गया, जिससे उसे चोटें आईं।

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग ने घायल ग्रामीण को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करतला पहुंचाने की व्यवस्था की। विभाग की ओर से उसके उपचार की तत्काल व्यवस्था कराई गई। साथ ही घायल की पत्नी सविता राठिया को दो हजार रुपये की तात्कालिक सहायता राशि नकद प्रदान की गई।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों के विचरण वाले क्षेत्रों में उनके करीब जाने या उन्हें परेशान करने से बचें। हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखें और वन विभाग को तत्काल जानकारी दें।