कलेक्टर ने पोड़ी उपरोड़ा में निर्माणाधीन स्कूल, आश्रम, एकलव्य विद्यालय सहित विभिन्न कार्यों का किया निरीक्षण
कोरबा। जिले के दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों में संचालित विकास एवं निर्माण कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लेने कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बुधवार को पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों का मैदानी निरीक्षण किया।
उन्होंने निर्माणाधीन एकलव्य विद्यालय, आश्रम, स्कूल भवन, चिकित्सक आवास, प्रशिक्षण केंद्र, पीडीएस भवन सहित अन्य निर्माण कार्यों का अवलोकन कर अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली। कलेक्टर ने अधूरे कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के साथ निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।



निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, एसडीएम पोड़ी उपरोड़ा मनोज बंजारे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने आदिवासी विकास विभाग के तहत निर्माणाधीन एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पोड़ी के विद्यालय भवन, किचन एवं डाइनिंग ब्लॉक तथा बालक-बालिका छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण ड्राइंग का अवलोकन करते हुए साइट लेवलिंग, प्लिंथ को सुरक्षित ऊंचाई तक विकसित करने, बाउंड्रीवाल निर्माण में तेजी लाने तथा लाइन शिफ्टिंग का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
कार्यदायी एजेंसी को मैनपावर बढ़ाकर निर्माण कार्य में गति लाने और प्रत्येक स्तर पर गुणवत्ता सुनिश्चित करने कहा।
धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी
पोड़ी उपरोड़ा में निर्माणाधीन 100 सीटर बालक आश्रम का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने भवन के विभिन्न कक्षों और परिसर का जायजा लिया। कार्य की धीमी गति पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने अतिरिक्त श्रमिक लगाकर शेष कार्य तीन माह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
निर्माण कार्य में उदासीनता पाए जाने पर संबंधित एसडीओ एवं सब इंजीनियर को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
लमना में निर्माणाधीन हायर सेकेंडरी स्कूल एवं माध्यमिक शाला भवन का निरीक्षण कर उन्होंने अपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने कहा। तकनीकी स्वीकृति में निर्धारित सामग्री का ही उपयोग करने और गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की हिदायत दी। विद्यालय में प्रयोगशाला एवं पुस्तकालय भवन के लिए शीघ्र प्रस्ताव प्रस्तुत करने तथा पुराने भवन में लीकेज और सीपेज की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
स्कूल और आंगनबाड़ी की व्यवस्थाएं सुधारने कहा
समेलीभांठा के प्राथमिक शाला एवं आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने बच्चों की उपस्थिति एवं भवन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने लीकेज-सीपेज की मरम्मत, रंग-रोगन और फर्श पर टाइल्स सहित आवश्यक सुधार कार्यों का प्रस्ताव तैयार करने को कहा।
आकस्मिक निरीक्षण के दौरान पोड़ी उपरोड़ा में निर्माणाधीन चिकित्सक आवास और कोनकोना के ट्रेनिंग सेंटर भवन का भी जायजा लिया गया। तानाखार में निर्माणाधीन उचित मूल्य दुकान भवन के शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।
तानाखार पंचायत के मांझीपारा आंगनबाड़ी केंद्र में कलेक्टर ने बच्चों की उपस्थिति, ग्रोथ चार्ट, पंजियों और पोषण व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को दिए जा रहे रेडी-टू-ईट आहार की जानकारी भी ली।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका को बच्चों की उम्र के अनुरूप शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियां बढ़ाने तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
