आयुष परिषद चुनाव में दबाव का आरोप, प्रत्याशी ने उठाए सवाल

कोरबा। छत्तीसगढ़ आयुर्वेद, यूनानी एवं प्राकृतिक चिकित्सा परिषद के चुनाव को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। बिलासपुर संभाग से सरकारी चिकित्सकों की ओर से डॉ. निशांत कौशिक और निजी चिकित्सकों की ओर से डॉ. सुरेंद्र मिश्रा के प्रत्याशी बनाए जाने के बीच मतदान को लेकर दबाव बनाए जाने का आरोप लगाया गया है।

जानकारी के अनुसार, सरकारी पक्ष से जुड़े पदाधिकारी एवं प्रत्याशी के कोरबा पहुंचने के बाद कुछ आयुष चिकित्सकों से मतपत्र लेकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतदान करने के लिए कहा गया। इसे लेकर निजी चिकित्सक प्रत्याशी डॉ. सुरेंद्र मिश्रा ने आपत्ति जताई है।

डॉ. मिश्रा का आरोप है कि चिकित्सकों पर प्रत्याशी विशेष के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष रूप से दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में प्रत्येक मतदाता को स्वतंत्र रूप से अपने मत का प्रयोग करने का अधिकार है। किसी भी प्रकार का दबाव चुनाव की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर सवाल खड़ा करता है।

उन्होंने बताया कि बिलासपुर संभाग के कई आयुष चिकित्सकों से उन्हें इस संबंध में जानकारी मिली है। मामले को परिषद के रजिस्ट्रार के समक्ष रखने तथा पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने की तैयारी की जा रही है।

डॉ. मिश्रा ने कहा कि संगठन से जुड़े चिकित्सक अपने विवेक से मतदान करने में सक्षम हैं। ऐसे में दबाव, भय या किसी प्रकार के प्रलोभन की स्थिति नहीं बननी चाहिए।

उन्होंने मांग की कि चुनाव निर्धारित नियमों के अनुसार निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से कराया जाए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया पर किसी तरह का सवाल न उठे।