कोरबा। शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने के लिए नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे अभियान के बीच पौधों को नुकसान पहुंचाने और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ अब कार्रवाई की तैयारी है। नगर निगम ने आम नागरिकों से ऐसे लोगों की जानकारी निगम प्रशासन अथवा जनप्रतिनिधियों को देने की अपील की है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखने की बात कही गई है।
नगर निगम प्रशासन द्वारा कोरबा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों के किनारे बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जा रहा है।
ट्रांसपोर्ट नगर से रिकांडो रोड, घंटाघर, निहारिका और कोसाबाड़ी क्षेत्र में सड़क किनारे पौधे लगाए जा रहे हैं। इस अभियान में शहरवासियों की भी सहभागिता देखने को मिल रही है।
निगम के अनुसार, कुछ लोगों द्वारा लगाए गए पौधों को काटकर या उन्हें नुकसान पहुंचाकर सार्वजनिक संपत्ति को क्षति पहुंचाई जा रही है।
इसके अलावा कुछ लोग जानबूझकर सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंक रहे हैं। इससे स्वच्छता अभियान और शहर के सौंदर्यीकरण के प्रयास प्रभावित हो रहे हैं।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर कचरा फेंकता है, पौधों को काटता है अथवा पर्यावरण को नुकसान पहुंचाता है तो इसकी जानकारी तत्काल निगम प्रशासन या संबंधित जनप्रतिनिधि को दें।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरण और स्वच्छता को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से शहर को स्वच्छ और हरित बनाए रखने के लिए निगम के प्रयासों में सहयोग करने की अपील की गई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
