बिरहोर बस्ती पहुंचे कलेक्टर, ग्रामीणों से सुनीं समस्याएं

बिजली-पानी से लेकर पुल, स्कूल और आवागमन की समस्या पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

कोरबा। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के दूरस्थ ग्राम समेलीभांठा स्थित विशेष पिछड़ी जनजाति बिरहोर बस्ती में कलेक्टर कुणाल दुदावत पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने समेलीभांठा के स्कूल एवं आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव में बिजली और पेयजल की समस्या, जर्जर स्कूल भवन की मरम्मत, स्कूल में बाउंड्रीवाल निर्माण,मिडिल स्कूल शुरू करने तथा आवागमन के लिए पुल निर्माण की मांग रखी। भुडूपानी मोहल्ले के ग्रामीणों ने भी पेयजल और बिजली की समस्या से कलेक्टर को अवगत कराया।

ग्रामीणों और महिलाओं ने कलेक्टर के समक्ष अपनी समस्याएं खुलकर रखीं। कलेक्टर ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने समेलीभांठा में स्कूल और आंगनबाड़ी भवन की मरम्मत, पेयजल के लिए बोर एवं सोलर ड्यूल पंप की व्यवस्था, विद्युत लाइन का विस्तार, स्कूल की बाउंड्रीवाल, तालाब और पुल निर्माण कराने के निर्देश दिए। स्कूल के पास लगे बिजली के खंभे को हटाने तथा ग्रामीणों को खेतों की जुताई के लिए आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराने के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई करने कहा।

भुडूपानी में पेयजल समस्या के समाधान के साथ ही वहां के बच्चों को समेलीभांठा स्कूल तक आने-जाने में सुविधा देने के लिए ई-रिक्शा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

ग्राम पंचायत की सरपंच अमिता राज ने भी कलेक्टर को गांव की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। कलेक्टर के सहज व्यवहार और ग्रामीणों से सीधे संवाद की पहल से बस्ती के लोगों में संतोष नजर आया।

इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, एसडीएम मनोज बंजारे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।