सेवा सेतु से मिली समय पर राहत, बच्चों की पढ़ाई में नहीं आई रुकावट

कोरबा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित ‘सेवा सेतु’ पहल आम नागरिकों को शासकीय सेवाएं सरल, सहज और समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बन रही है। इसी पहल के तहत कोरबा जिले के ग्राम ढंगुरडीह (तहसील भैंसमा) निवासी शिव कुमार राठिया को समय पर निवास एवं आय प्रमाण पत्र मिलने से उनके बच्चों के शैक्षणिक कार्य बिना किसी बाधा के पूरे हो सके।

शिव कुमार राठिया को अपने दोनों स्कूली बच्चों की पढ़ाई से जुड़े आवश्यक कार्यों के लिए निवास एवं आय प्रमाण पत्र की जरूरत थी। दस्तावेज समय पर नहीं मिलने पर शैक्षणिक प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका थी। ऐसे में उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सेवा सेतु केंद्र में आवेदन प्रस्तुत किया।

सेवा सेतु केंद्र के कर्मचारियों ने आवश्यक दस्तावेजों और प्रक्रिया की जानकारी देकर आवेदन तत्काल स्वीकार किया।

नियमानुसार प्रक्रिया पूरी करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर उन्हें दोनों प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिए गए।

शिव कुमार राठिया ने बताया कि सेवा सेतु केंद्र में पूरी प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक रही। उन्हें किसी प्रकार की अनावश्यक भागदौड़ नहीं करनी पड़ी तथा समय पर दस्तावेज मिलने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं हुई।

उन्होंने कहा कि यदि सेवा सेतु जैसी व्यवस्था उपलब्ध नहीं होती तो विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते, जिससे समय और श्रम दोनों की बर्बादी होती। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल आम लोगों को त्वरित और प्रभावी शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सराहनीय साबित हो रही है।