कोरबा।दिव्यांगता के कारण आवागमन में कठिनाइयों का सामना कर रहे पोड़ीबहार निवासी बीएससी माइक्रोबायोलॉजी द्वितीय वर्ष के छात्र ऋषभ जैन के लिए जिला प्रशासन की संवेदनशील पहल नई उम्मीद लेकर आई है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर आवेदन के महज एक दिन बाद ही छात्र को इलेक्ट्रॉनिक व्हीलचेयर एवं एल्बो क्रच उपलब्ध करा दिए गए।
ऋषभ जैन के लिए कॉलेज जाना और दैनिक आवश्यकताओं के लिए घर से बाहर निकलना काफी चुनौतीपूर्ण था। आवागमन में होने वाली परेशानी का सीधा असर उनकी पढ़ाई पर भी पड़ रहा था। इसके बावजूद उन्होंने अपनी शिक्षा और भविष्य के सपनों को जारी रखा।
अपनी समस्या के समाधान के लिए ऋषभ ने 3 अगस्त 2026 को कलेक्टर कुणाल दुदावत को इलेक्ट्रॉनिक व्हीलचेयर उपलब्ध कराने के संबंध में आवेदन सौंपा।
कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रशासन की त्वरित पहल का परिणाम रहा कि 4 अगस्त को ही ऋषभ जैन को इलेक्ट्रॉनिक व्हीलचेयर और एल्बो क्रच प्रदान कर दिए गए। अब वे अधिक आत्मनिर्भर होकर कॉलेज आ-जा सकेंगे तथा अपनी पढ़ाई और दैनिक कार्यों को आसानी से पूरा कर सकेंगे।
‘नई जिंदगी से कम नहीं’
सहायता मिलने पर ऋषभ जैन ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि इलेक्ट्रॉनिक व्हीलचेयर उनके लिए किसी नई जिंदगी से कम नहीं है। इससे उन्हें शिक्षा जारी रखने और अपने भविष्य के सपनों को पूरा करने में काफी मदद मिलेगी। उन्होंने त्वरित सहायता के लिए कलेक्टर एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिला प्रशासन की यह पहल दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने तथा उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में संवेदनशील प्रशासन का उदाहरण है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
